Tuesday, October 20th, 2026

सब्जी भरे टेंपो ड्राइवर ने छात्रा को दी लिफ्ट, कुछ दूर जाते ही शुरू की छेड़खानी, इज्जत बचाने को हाईवे पर चलती गाड़ी से कूदी युवती

 फरीदपुर (बरेली)

सब्जी से भरे टेंपों में लिफ्ट लेकर कॉलेज आ रही छात्रा से ड्राइवर ने छेड़खानी करते हुए अपहरण का प्रयास किया। छात्रा ने विरोध किया, कॉलेज आने पर भी टेंपो नहीं रोका तो वह अपनी आबरू बचाने के लिए हाईवे पर कूद गई। इससे छात्रा के दांत टूटने के अलावा वह गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों ने उसे बरेली के फरीदपुर सीएचसी में भर्ती कराया जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बाद में परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस टेंपो ड्राइवर को चिन्हित करने पर जुटी है। परिजनों ने बताया कि छात्रा कॉलेज के ही हॉस्टल में रह रही थी। तीन दिन पहले वह रिश्तेदारी में गई थी जहां से वह शनिवार दोपहर करीब 12:00 बजे वापस कॉलेज के हॉस्टल के लिए जा रही थी। हुलासनगरा रेलवे क्रॉसिंग पर वाहन का इंतजार करते वक्त कटरा की ओर से एक सब्जी भरा टेंपो आया। उसके ड्राइवर ने छात्रा को लिफ्ट दी और कॉलेज छोड़ने की बात कहकर चल दिया।

कुछ दूर जाते ही ड्राइवर ने छेड़खानी शुरू कर दी। छात्रा ने विरोध किया मगर वह नहीं माना। टेंपो रोकने को कहा मगर उसने स्पीड और बढ़ा दी। उसने जान से मारने की धमकी दी। कॉलेज आया तो भी उसने टेंपो नहीं रोका। खुद को खतरे में देखकर छात्रा टेंपो से हाईवे पर कूद गई। कूदने से उसके दांत टूट गए और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। टेंपो लेकर चालक वहां से फरार हो गया। 

 

#सब्जी भरे टेंपो ड्राइवर

Source : Agency

पाठको की राय