निमाड़ उत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ होंगी विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएँ - प्रमुख सचिव शुक्ला
भोपाल
प्रमुख सचिव संस्कृति और पर्यटन शिव शेखर शुक्ला ने कहा है कि निमाड़ उत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएँ होगी। खरगोन जिले के देवी अहिल्या घाट, महेश्वर में 19 से 21 नवंबर तक निमाड़ उत्सव में प्रतिदिन शाम 7 बजे से सांस्कृतिक एवं विभिन्न गतिविधियाँ होंगी।
उत्सव में कला और संस्कृति प्रेमियों के साथ सभी आयु वर्गो के लिए आकर्षक गतिविधियाँ होंगी। संस्कृति संचालनालय, जनजातीय लोक कला एवं बोली विकास अकादमी, दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, नागपुर और जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति परिषद, खरगोन के तत्वाधान में यह उत्सव होगा।
शुक्ला ने बताया कि निमाड़ उत्सव में इस वर्ष पर्यटन विभाग की ओर से पर्यटकों के लिए 20 और 21 नवंबर को सुबह 10 से 12 बजे तक हैंडलूम वॉक होगा। हैंडलूम वॉक में पर्यटकों को स्थानीय गाइड की मदद से बुनकर ग्राम की विजिट कराई जायेगी। इससे स्थानीय बुनकरों की आय में वृद्धि होने के साथ ही पर्यटकों को बुनकर कला के बारे में रोचक जानकारी मिलेगी। शुक्ला ने सभी नागरिकों को निमाड़ उत्सव में सादर आमंत्रित किया है। प्रस्तुति में सभी का प्रवेश नि:शुल्क रहेगा।
निमाड़ उत्सव में 19 नवंबर को उत्कृष्ट विद्यालय में सुबह 8 बजे से रैली, 9 बजे से बालक वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता एवं देवी अहिल्या घाट पर दोपहर 2 बजे से रांगोली प्रतियोगिता, नौका सज्जा प्रतियोगिता और मार्शल आर्ट डेमो होगा। इसी दिन शाम 7 बजे से गणगौर और कथक शैली में दुर्गा नृत्य नाटिका बड़वाह के संजय महाजन और साथियों द्वारा एवं लखनऊ की पद्ममालिनी अवस्थी द्वारा अवधी गायन की प्रस्तुति दी जाएगी।
दूसरे दिन 20 नवम्बर को उत्कृष्ट विद्यालय में सुबह 10 बजे से बालक- बालिका वर्ग की कुश्ती प्रतियोगिता होगी। उसके बाद देवी अहिल्या घाट पर दोपहर 12 बजे से मेहंदी प्रतियोगिता, नावड़ा सौड़ी घाट पर मलखंब डेमो एवं देवी अहिल्या घाट पर शाम 6:30 बजे से कयाकिंग डेमो होगा। शाम को ही गंगा जमुना-सरस्वती आधारित त्रिवेणी नृत्य नाटिका नागपुर के किशोर हमिपली और साथियों द्वारा एवं बुंदेली और समकालीन नृत्य विधाओं में जया नृत्य नाटिका की प्रस्तुति भोपाल के योगेंद्र सिंह राजपूत एवं साथियों द्वारा दी जाएगी। इसके बाद इंदौर की सुप्राजक्ता मोडक एवं साथियों द्वारा भक्ति गायन किया जाएगा।
उत्सव के आखिरी दिन 21 नवंबर को सुबह 9 बजे उत्कृष्ट विद्यालय में बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता एवं देवी अहिल्या घाट में 10 बजे से कयाकिंग (50 मीटर) प्रतियोगिता होगी। इसी दिन शाम 7 बजे से भोपाल की मंजूमणि हतवलने और साथियों द्वारा भरत-नाट्यम शैली में आध्या नृत्य नाटिका प्रस्तुत की जाएगी। इसके बाद कवि सम्मेलन होगा, जिसमें दिल्ली के सुरेंद्र शर्मा, कोटा के जगदीश सोलंकी, लखनऊ के देवव्रत बाजपेयी, दिल्ली की डॉ. कीर्ति काले, धार के संदीप शर्मा, गोगावां के जगदीश जोशीला, महेश्वर के हरीश दुबे, पंधाना के वीरेंद्र चौरे, सनावद के दीपक पगारे, खरगोन के नरेंद्र जोशी और बृजेश बडोले, खलघाट के विजय शर्मा अपना रचना पाठ करेंगे।

पाठको की राय