Saturday, October 24th, 2026

टाटानगर से वाराणसी के बीच चलेगी वंदे भारत ट्रेन, क्या होगा रूट

टाटानगर

टाटानगर से वाराणसी के लिए जल्द ही वंदे भारत ट्रेन चलेगी। इसको लेकर दक्षिण पूर्व रेलवे जोन सर्वे भी करा रहा है। चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम ने सोशल साइट पर यह जानकारी दी है। उन्होंने लिखा कि जमशेदपुर और रांची से बनारस के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस के परिचालन की योजना है। हालांकि रेल मंत्रालय इसपर फैसला सर्वे कराने के बाद ही लेगा। जानकारी के अनुसार, टाटानगर से वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन टाटा-पुरुलिया-मुरी-रांची-लोहरदगा-डाल्टनगंज-सासाराम-भभुआ रोड-दीनदयाल उपाध्याय-वाराणसी या टाटा से मुरी-रांची-लोहरदगा डाल्टनगंज-सासाराम-भभुआ रोड-दीनदयाल उपाध्याय के रास्ते हो सकता है।

इस मार्ग पर चलने से एक ही रैक से रांची और टाटा के यात्रियों को सीधा लाभ मिल जाएगा। हालांकि, टाटा-पुरुलिया-बोकारो-गोमो-गया-पंडित दीनदयाल उपाध्याय-वाराणसी होकर ट्रेनों का परिचालन होता है तो टाटा के लिए अलग रांची के लिए अलग-अलग रैक की आवश्यकता होगी। इसलिए संभवत टाटा और रांची से प्रस्तावित वंदे भारत एक्सप्रेस टाटा-पुरुलिया-मुरी-रांची-लोहरदगा-डाल्टनगंज-सासाराम-भभुआ रोड-दीनदयाल उपाध्याय-वाराणसी या टाटा-चांडिल-मुरी-रांची-लोहरदगा-डाल्टनगंज-सासाराम-भभुआ रोड-दीनदयाल उपाध्याय के रास्ते वाराणसी तक चलाई जा सकती है। इस ट्रेन के शुरू होने से कोल्हान के लोगों को काफी सहूलियत होगी।

बता दें कि इन बीते महीनों से कई राज्यों को वंदे भारत एक्सप्रेस का तोहफा दिया गया है। इस दौरान बेहतर रेलवे कनेक्टिविटी के साथ ट्रेन की बेहतर रफ्तार और यात्रा के दौरान मिलने वाली सुविधाओं का ध्यान रखते हुए यह ट्रेन शुरू की गई है। वाराणसी और टाटानगर के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू हो जाने के बाद लोगों को बनारस पहुंचना आसान हो जाएगा।

 

 

Source : Agency

पाठको की राय