Saturday, October 24th, 2026

जन-सामान्य को आयुष सेवा उपलब्ध कराने के लिये "वैद्य आपके द्वार योजना

भोपाल

प्रदेश में आयुष स्वास्थ्य सेवा सहजता से जन-सामान्य को घर पर ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयुष विभाग ने "वैद्य आपके द्वार'' योजना शुरू की है। विभाग ने योजना के क्रियान्वयन के लिये आयुष क्योर एप विकसित किया है।

इस एप के माध्यम से जन-सामान्य को घर बैठे नि:शुल्क लाइव वीडियो कॉल पर आयुष चिकित्सा विशेषज्ञों से परामर्श लेने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। एप के माध्यम से नागरिक अपना पंजीयन करा कर सुविधा अनुसार आयुर्वेद, होम्योपैथी एवं यूनानी चिकित्सा पद्धति का चयन कर सकते हैं। वर्तमान में गूगल प्ले स्टोर से अब तक प्रदेश में करीब 40 हजार एप डाउनलोड किये जा चुके हैं।

आयुष आपके द्वार

प्रदेश में आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत आयुष विभाग ने "आयुष आपके द्वार'' योजना भी शुरू की है। योजना के अंतर्गत औषधीय पौधों को जन-सामान्य में लोकप्रिय बनाने के लिये औषधीय पौधों का वितरण भी किया जा रहा है। प्रत्येक जिले में उद्यानिकी विभाग के सहयोग से लगभग 1500 परिवारों को जन-प्रतिनिधियों की उपस्थिति में औषधीय पौधे वितरित किये गये। इसके साथ ही जन-सामान्य को औषधीय पौधों के लाभ एवं उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी गई है। प्रदेश में करीब 45 हजार परिवारों को औषधीय पौधे वितरित किये गये हैं।

 

 

#आयुष आपके द्वार

Source : Agency

पाठको की राय