Friday, October 23rd, 2026

BJP सरकार में लिख दी गई उत्तर प्रदेश की बदहाली की इबारत: अखिलेश यादव 

लखनऊ
उत्तर प्रदेश के पूर्व सीएम व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। अखिलेश यादव ने कहा, 'भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश की बदहाली की इबारत लिख दी गई है। जनता त्रस्त है। कानून व्यवस्था ध्वस्त है।' यादव ने कहा कि भविष्य की खुशहाली का झूठा सपना दिखाने वाला भाजपा नेतृत्व भी अब समझने लगा है कि अगले विधानसभा चुनाव में उसका सत्ता से बाहर होना तय है। अखिलेश यादव ने कहा कि सच तो यह है कि प्रदेश में ऐसी सरकार है जिसमें न मंत्रियों की सुनवाई है, नहीं जनता की। लोगों का विश्वास खो चुकी भाजपा अब चलते चलाते घोटालों की कमाई में लग गई है। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का मुख्यमंत्री जी का दावा खोखला साबित हुआ है। भाजपा राज में बच्चों के खाने पर डाका डाला गया है।

 बरेली के 49 परिषदीय विद्यालयों में सरकारी खाते से निकला भोजन छात्रों को मिला ही नहीं। कानपुर में शादी अनुदान और पारिवारिक लाभ योजना में 6.50 करोड़ रूपए का घपला सामने आया है। लखनऊ में 5500 परमिट नवीनीकरण में वसूले जुर्माने में 15 करोड़ का गबन हो गया। बरेली के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में बिना छात्राओं की उपस्थिति के भोजन, पानी, अन्य सुविधाओं के नाम पर 84 लाख रूपए खर्च में दिखा दिए गए। बरेली के अलावा प्रदेश के 17 जिलों में भी घपले होने की चर्चा है। 

 

#अखिलेश यादव 

Source : Agency

पाठको की राय