कोरोना काल में पर्यटन मोड में है यूपी सरकार: अखिलेश यादव
लखनऊ
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने कहा, 'कोरोना काल में अनियंत्रित अवस्था के बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री की जनपदीय यात्राओं से कौन सा परिणाम आएगा? मुख्यमंत्री जहां जाते हैं अस्पतालों में मरीजों को उनके हाल पर छोड़कर डॉक्टर-अधिकारी उनकी आवभगत में लग जाते हैं।' 'बीजेपी ने चार सालों में किसी अस्पताल की नींव तक नहीं रखी' अखिलेश यादव ने कहा, 'कोरोना और ब्लैक फंगस की बीमारी से लोगों की रोज ही जानें जाने लगी है, इलाज की अव्यवस्थाएं बरकरार हैं, मरीजों की कहीं सुनवाई नहीं है।
क्या यह सच्चाई नहीं है कि उत्तर प्रदेश में जो भी स्वास्थ्य ढांचा है वह समाजवादी सरकार में ही निर्मित हुआ है। भाजपा सरकार ने चार वर्ष में किसी अस्पताल की नींव तक नहीं रखी। इतना ही नहीं, भाजपा तो रायबरेली-गोरखपुर में एम्स चालू नहीं कर पाई। 'सीएम के पास कौन सा नुस्खा है, जो डॉक्टरों के पास नहीं' अवध शिल्पग्राम और हज हाउस आज कोविड इलाज में काम आ रहे हैं, इनका निर्माण भी समाजवादी सरकार के समय ही हुआ था। वैसे भी मुख्यमंत्री अपने दौरों की निरर्थक कसरत से क्या संदेश देना चाहते हैं। इतना ही नहीं, अखिलेश यादव ने पूछा, 'उनके पास ऐसा कौन सा नुस्खा है जो डॉक्टरों को पता नहीं है।' बेहतर सुविधाएं सरकार उपलब्ध कराती तो तमाम पीड़ितों को राहत मिलती।

पाठको की राय