Thursday, October 22nd, 2026

नगरीय विकास मंत्री सिंह 22 अक्टूबर को करेंगे सोन चिरैया आजीविका उत्सव का शुभारंभ

भोपाल

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह 22 अक्टूबर को दोपहर 3 बजे 6 नम्बर बस स्टॉप, शिवाजी नगर भोपाल में नूतन कॉलेज के सामने महिला हाट-बाजार में राज्य-स्तरीय सोन चिरैया आजीविका उत्सव-2021 का शुभारंभ करेंगे। यह उत्सव 22 से 31 अक्टूबर तक आयोजित होगा। जिलों में भी यह उत्सव मनाया जायेगा।

आयुक्त नगरीय प्रशासन एवं विकास निकुंज कुमार श्रीवास्तव ने जानकारी दी है कि दीनदयाल अंत्योदय राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न नगरीय निकायों में लगभग 3 लाख 50 हजार महिलाओं के 35 हजार स्व-सहायता समूह गठित किये गये हैं। मिशन का उद्देश्य शहरी गरीब महिलाओं को सशक्त बनाते हुए उनकी आजीविका में वृद्धि करना है। स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय के लिये सोन चिरैया आजीविका उत्सव-2021 का आयोजन किया जा रहा है। राज्य-स्तरीय उत्सव में प्रदेश के 24 नगरीय निकायों के स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों जैसे सजावटी सामान, जरदोरी के आयटम, आर्गनिक उत्पाद, जूट के उत्पाद, ज्वेलरी, गिफ्ट आयटम, अगरबत्ती, अचार, बड़ी-पापड़, मसाले और खिलौने आदि का प्रदर्शनी एवं विक्रय किया जायेगा। समूहों को हाट-बाजार में 49 स्टॉल आवंटित किये जा रहे हैं।

उत्सव में महिलाओं द्वारा रंगोली, चित्रकला, मेहंदी, गायन आदि कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जायेगा। उत्सव में स्ट्रीट वेण्डर्स द्वारा तैयार किये गये स्वच्छ एवं स्वादिष्ट खाद्य पदार्थ विक्रय के लिये उपलब्ध रहेंगे। इससे स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को सोन चिरैया ब्रॉण्ड के नाम से प्रदेश और देश में नई पहचान मिलेगी।

 

#Chiriya Aajeevika Utsav on October 22

Source : Agency

पाठको की राय