यूपीएसएसएफ के हाथ होगी कानपुर मेट्रो की सुरक्षा, 250 जवान होंगे तैनात
कानपुर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शहर आगमन से पहले 20 को ही कानपुर मेट्रो स्टेशनों की सुरक्षा यूपीएसएसएफ (उत्तर प्रदेश स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स) के हवाले हो जाएगी। इस फोर्स के 250 जवान तैनात होंगे। इनके पास किसी को भी बिना वारंट और बिना अनुमति के गिरफ्तारी का अधिकार होगा। किसी की भी बिना अनुमति तलाशी ले सकेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सितंबर 2020 में कचहरी, धार्मिक स्थल और विशेष प्रतिष्ठान व संस्थानों की सुरक्षा के लिए इस फोर्स का गठन किया था। इन्हें मेट्रो स्टेशन से लेकर डिपो और ट्रेनों में भी तैनात किया जाएगा। इसके अलावा लगभग 150 और जवानों की तैनाती होगी, जो प्राइवेट सिक्योरिटी के होंगे।
ये होंगे अधिकार
धारा-10 के अंतर्गत अगर किसी ने कोई अपराध किया या कोई कर रहा है तो इस फोर्स के पास उसे सीधे गिरफ्तार करने का अधिकार होगा। अगर अपराधी के भागने या छिपने की आशंका है तो भी यह जवान उसे दबोच सकते हैं। सरकार की इजाजत के बिना कोर्ट भी इसका संज्ञान नहीं लेगी। अभी तक इस फोर्स की सिर्फ 5 बटालियन गठित की गई हैं।

पाठको की राय