Monday, October 19th, 2026

UP के नए चीफ सेक्रेटरी दुर्गा शंकर मिश्रा ने ज्‍वाइन करने से पहले EC की मीटिंग में हुए शामिल

लखनऊ
यूपी के नए चीफ सेक्रेटरी दुर्गा शंकर मिश्रा ने गुरुवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। इसके पहले वे एयरपोर्ट से सीधे चुनाव आयोग की मीटिंग में पहुंचे थे। लोकभवन स्थित कार्यालय में कार्यभार ग्रहण करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में चीफ सेक्रेटरी ने कहा कि वे अभियान चलाकर केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराएंगे। उन्‍होंने कहा कि प्रधाननमंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गईं विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं को पूरा कराने पर उनका फोकस होगा। दफ्तर में बैठकर नहीं, बल्कि फील्ड में उतरकर काम करेंगे। उन्‍होंने कहा कि जिस विश्वास से मुझे अपने प्रदेश में सेवा करने का मौका दिया गया है, उस पर खरा उतरने की कोशिश करूंगा। चीफ सेक्रेटरी ने कहा कि केंद्र सरकार की स्मार्ट सिटी, अमृत, पीएम स्वनिधी, स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं पर खासतौर पर फोकस कर काम किया जाएगा। चीफ सेक्रेटरी ने कहा कि पिछले सात वर्षों से देश के विकास के लिहाज से परिवर्तन की लहर चल रही है। बतौर चीफ सेक्रेटरी ज्‍वाइन करने से पहले भारत के निर्वाचन आयोग के साथ हुई बैठक का हवाला देते हुए उन्‍होंने कहा कि कोरोना को लेकर आयोग ने जो चिंता जताई है उसे देखते हुए वैक्‍सीनेशन को तेज किया जाएगा। कोरोना प्रोटोकॉल का भी सख्‍ती से पालन कराया जाएगा। उन्‍होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने कोरोना से बचाव के लिए रात का कर्फ्यू लगाया गया है। इसका पालन कड़ाई से कराया जाएगा।

1984 बैच के आईएएस हैं दुर्गा शंकर मिश्रा
दुर्गा शंकर मिश्रा वर्ष 1984 बैच के वरिष्ठ आईएएस अफसर हैं। राजेंद्र कुमार तिवारी को हटाकर उन्हें मुख्य सचिव बनाया गया है। राज्य सरकार द्वारा 28 दिसंबर को केंद्र को भेजे गए प्रस्ताव के आधार पर दुर्गा शंकर मिश्रा को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से यूपी के लिए कार्यमुक्त करने के साथ ही एक साल का सेवा विस्तार भी दिया गया है। वह 31 दिसंबर 2021 को रिटायर हो रहे थे। विधानसभा चुनाव से पहले यह तैनाती काफी अहम मानी जा रही है। यूपी में जल्द ही बड़ा प्रशासनिक फेरबदल भी हो सकता है। दुर्गा शंकर मिश्रा केंद्र में आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय में सचिव के पद पर तैनात थे। केंद्र सरकार ने उन्हें बुधवार को यूपी के लिए कार्यमुक्त करने संबंधी आदेश जारी किया। दुर्गा शंकर यूपी के 54वें मुख्य सचिव हैं। उन्‍होंने 1985 बैच के आईएएस अधिकारी आरके तिवारी का स्थान लिया है। आरके तिवारी 31 अगस्त 2019 से प्रदेश के मुख्य सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। उनका सेवाकाल वर्ष 2023 तक है। आरके तिवारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भी जा सकते हैं। वह केंद्र में सचिव पद के लिए सूचीबद्ध हैं या फिर उन्हें इसके समक्षक यूपी में ही किसी पद पर तैनाती दी जा सकती है।

पीएम मोदी के भरोसेमंद माने जाते हैं चीफ सेक्रेटरी
दुर्गा शंकर मिश्रा आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय में वर्ष 2014 से काम कर रहे थे। उन्होंने देशभर में मेट्रो रेल के साथ ही स्मार्ट सिटी, अमृत, स्वच्छ भारत मिशन, नमामि गंगे जैसी परियोजनाओं के लिए बेहतर काम किया है। यूपी केंद्र की इन योजनाओं में पहले स्थान पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उन्हें भरोसेमेंद भी माना जाता है।

 

 

#Chief Secretary Durga Shankar Mishra

Source : Agency

पाठको की राय