Tuesday, October 27th, 2026

जनवरी 2023 में होगा यूपी का पहला ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट

लखनऊ
 
यूपी की योगी सरकार पहली बार अंतर्राष्ट्रीय स्तर का निवेशक सम्मेलन अगले साल जनवरी में कराने जा रही है। लखनऊ में होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के लिए योगी सरकार जबरदस्त प्लानिंग कर रही है। इसके जरिए 10 लाख करोड़ का निवेश लाने का लक्ष्य रखा गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को उच्चस्तरीय बैठक में इस समिट के आयोजन का ऐलान करते हुए कहा कि अब इसके लिए युद्धस्तर की तैयारियां शुरू कर दी जाएं। उन्होंने सुझाव दिया कि इसे कम से कम तीन दिन तक होना चाहिए। एक दिन केवल एमएसएमई के लिए समर्पित होगा। इसे प्रवासी भारतीय दिवस के आसपास आयोजित किया जाएगा तो और बेहतर होगा। यह समिट नए उत्तर प्रदेश की आकांक्षाओं को उड़ान देने वाली होगी। सीएम ने कहा कि  प्रधानमंत्री के रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के मंत्र को आत्मसात करते हुए उत्तर प्रदेश देश में औद्योगिक निवेश के 'ड्रीम डेस्टिनेशन' के रूप में उभर कर आया है। उत्तर प्रदेश, देश की 6वीं अर्थव्यवस्था से दूसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।

नए सेक्टर के लिए व्यवहारिक नीतियां बनें
मुख्यमंत्री ने कहा कि बायो फ्यूल, फिल्म एंड मीडिया, इलेक्ट्रिक वाहन, एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट, गेमिंग, कामिक इंडस्ट्री, खिलौना निर्माण, नागरिक उड्डयन, हाउसिंग व रियल इस्टेट सेक्टर के लिए नई नीतियां बनाई जाएं। खाद्य प्रसंस्करण, हैंडलूम, पावरलूम, आईटी नीतियों में जरूरी संशोधन  किए जाएं। सीएम ने कहा कि औद्योगिक इकाईयो के लिए जमीन की जरूरत को देखते हुए भूमि बैंक तैयार किया जाए। प्रदेश में एक लाख हेक्टेयर की जमीन है। सीएम ने कहा कि समिट में केवल 50 करोड़ या उससे अधिक के एमओयू कराए जाएं। इससे कम के निवेश एमओयू जिलास्तर पर कराए जाएं। इसके लिए वेबपोर्टल बनाया जाए।
 
औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने कहा कि ग्लोबल इनवेस्टर्स सम्मिट 2023 इस दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। समिट में  यूके, यूएसए, कनाडा, यूएई, सिंगापुर, जापान, नीरदलैंड, फ्रांस, जर्मनी, इजराइल, साउथ कोरिया, स्लोवाकिया, फिनलैंड, चेक रिपब्लिक, मोन्टेनेग्रो, बेल्जियम, मॉरिशस, नेपाल, थाईलैंड, आस्टेªलिया, स्वीडन, इंडोनेशिया आदि देशों के प्रतिनिधि एवं निवेशक शामिल होंगे। इजराइल, यूरोप, यूके, लंदन, पेरिस, म्यूनिख, आइंटहॉवन, कनाडा, यूएसए, टोरंटो, सैनफ्रांसिस्को, न्यूयार्क आदि शहरों में रोड शो प्रस्तावित है। समिट में करीब दस हजार से अधिक डेलीगेट्स के शामिल की सम्भावना है। बैठक में राज्य मंत्री एमएसएमई राकेश सचान, राज्य मंत्री उद्योग जसवंत सैनी जी, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार, अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी, अपर मुख्य सचिव नवनीत सहगल आदि मौजूद रहे।

 

 

#ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट

Source : Agency

पाठको की राय