Thursday, October 22nd, 2026

यूपी: जन्माष्टमी पर नाइट कर्फ्यू में मिलेगी छूट, कोरोना गाइडलाइन का करना होगा पालन

लखनऊ
यूपी सरकार ने सोमवार को जन्माष्टमी के मौके पर पुलिस लाइंस व जेल समेत अन्य परंपरागत स्थानों पर रात में लगने वाले कोरोना कर्फ्यू में छूट देने का फैसला किया है। अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने रविवार को देर शाम इस संबंध में शासनादेश जारी किया। शासनादेश में कहा गया है कि विशेष परिस्थितियों में प्रदेश में जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में निर्धारित उपस्थिति की सीमा एवं रात्रिकालीन कोरोना कर्फ्यू (रात्रि 10 बजे से सुबह छह बजे तक) में छूट प्रदान की जाती है। साथ ही यह आदेश भी दिया गया है कि प्रदेश की सभी पुलिस लाइंस एवं जेलों में जन्माष्टमी का पर्व भव्य रूप से भारतीय परंपरा के अनुसार मनाया जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि इन कार्यक्रमों में कोरोना प्रोटोकॉल का पालन हो और मास्क व सेनेटाइजर का इस्तेमाल अवश्य किया जाए। 

इससे पहले शनिवार को डीजीपी मुकुल गोयल ने जन्माष्टमी के त्योहार पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा कि सभी संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस पिकेट की तैनाती करने के साथ ही प्रभावी गश्त की व्यवस्था की जाए। डीजीपी ने पुलिस द्वारा वाहनों पर लाउडस्पीकर आदि के माध्यम से सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखने और मॉस्क पहनने के लिए लोगों को जागरूक करने का निर्देश दिया है। साथ ही सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों जैसे फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर एवं व्हाट्सएप आदि पर सतर्क दृष्टि रखने और भ्रामक सूचना प्रसारित होने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए उसका खंडन करने की हिदायत दी है। 
 

 

#UP

Source : Agency

पाठको की राय