यूपी: मेडिकल कॉलेज में छात्रा की रैगिंग, विरोध पर मारपीट; 5 छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज
हापुड़
उत्तर प्रदेश के हापुड़ के पिलखुवा थाना क्षेत्र स्थित मेडिकल कॉलेज की एक छात्रा के साथ रैगिंग का मामला सामने आया है। पीड़ित छात्रा का आरोप है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार झारखंड की एक छात्रा पिलखुवा में एक मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। आरोप है कि उसे दो छात्रा समेत 5 छात्रों द्वारा पिछले कुछ दिनों से परेशान किया जा रहा है। उससे पार्टी मांगी जाती है। आरोपी 26 अप्रैल को उसके पास सोसाइटी में आ गए, जहां उन्होंने उसके साथ मारपीट की। उसे गाड़ी में खींचा। इतना ही नहीं आरोपी एक छात्रा फोन पर भी रैगिंग करती है। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने उसकी शिकायत पर पांचों आरोपी छात्रों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली प्रभारी अभिनव पुंडीर ने बताया कि मामले में शिकायत मिली थी। पीड़िता ने मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने पांच आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया है।

पाठको की राय