Thursday, October 22nd, 2026

उन्मुक्त चंद का बल्ला अमेरिका में फिर बोला, जड़ी धमाकेदार फिफ्टी

नई दिल्ली
28 साल की उम्र में भारतीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले उन्मुक्त चंद का बल्ला अमेरिका की माइनर लीग क्रिकेट में जमकर बोल रहा है। उन्मुक्त ने माइनर लीग क्रिकेट में अपनी एक और फिफ्टी जड़ दी है। ये उनकी इस लीग में दूसरी फिफ्टी है। उन्होंने अपनी इस धांसू पारी का वीडियो ट्विटर पर शेयर किया है। इस वीडियो में पूरी फॉर्म में नजर आ रहे हैं और एक से एक दमदार शॉट खेल रहे हैं। उन्होंने हाफ सेंचुरी जड़ने के बाद ईश्वर को धन्यवाद दिया। उन्मुक्त चंद ने अपने ऑफिशिल ट्विटर अकाउंट से ट्वीट किया,'पूरे समय मेरा हाथ थामने के लिए ईश्वर का हृदय से आभार।' चंद ने ट्विटर पर 45 सेकेंड का वीडियो अपलोड किया है। इसमें वो चौके-छक्कों की बारिश करते हुए नजर आ रहे हैं। गौरतलब है कि उन्मुक्त चंद ने माइनर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में सिलिकॉन वैली स्ट्राइकर्स की टीम के साथ करार किया है। पहले मैच में वो बिना खाता खोले आउट हो गए थे। इसके बाद चंद ने दो फिफ्टी जड़ दी हैं। 

गौरतलब है कि उन्मुक्त ने अपनी कप्तानी में भारत को साल 2012 में अंडर 19 विश्व कप चैंपियन बनाया था। उन्होंने हाल में एक वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में कहा था कि पिछले कुछ साल मेरे लिए काफी कठिन रहे। आखिरी सीजन में मुझे दिल्ली की तरफ से एक भी मैच खेलने को नहीं मिला। और उसके बाद भी वहीं चिंता कि मुझे अगला मैच खेलने को मिलेगा या नहीं। उन्होंने आगे कहा,'भारतीय घरेलू क्रिकेट में इस समय काफी चिंताएं हैं। तो मैं उसी सेम प्रोसेस से नहीं गुजरना चाहता था, खुद को टीम से बाहर बैठे देखना और ऐसे खिलाड़ियों को खेलते देखना जिनको मैं अपनी क्लब टीम तक में नहीं चुनता यह मेरे लिए मेंटल टॉर्चर था। मैं इन सब चीजों में अपना टाइम खराब नहीं करना चाहता था।'
 

 

#Unmukt Chand

Source : Agency

पाठको की राय