Sunday, October 25th, 2026

अनलॉक हुआ भोपाल

भोपाल

राजधानी भोपाल में कोविड संक्रमण कम होने के बाद मंगलवार से अनलॉक की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। शहर के बाज़ार सुबह से ही खुलने लगे हैं। हालांकि अभी सिर्फ किराना, दवाई, हार्डवेयर, स्टेशनरी की दुकानों के साथ टेक अवे फैसिलिटी के लिए रेस्टोरेंट्स को खुलने की अनुमति है। सेगमेंट वाइस शहर का पूरा बाज़ार खुलेगा।

निरीक्षण करने पहुँचे मंत्री सारंग

कोविड गाइडलाइन के पालन को सुनिश्चित करने के लिए चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने आज न्यू मार्केट स्थित एक रेस्टोरेंट में पहुँचकर निरीक्षण किया। सुरक्षा की दृष्टि से बाजारों में दुकान के सामने सोशल डिस्टेंसटिंग का पालन करवाने गोले बनाए गए हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि ग्राहक और दुकानदार अनिवार्य रूप से मास्क पहनें।

कोरोना प्रोटोकॉल का करें पालन

मंत्री सारंग ने कहा कि आज से रोजमर्रा की जिंदगी क्रमबद्ध शुरू होगी, लेकिन हम सब की यह जिम्मेदारी भी है कि कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करें। यह सुनिश्चित करें कि हमारी रोजमर्रा की जिंदगी तो चले ही चले साथ ही हमारा परिवार और हम संक्रमण से बचे रहे। उन्होंने कहा कि कोविड सेफ्टी टीम का गठन किया है। यह टीम सुनिश्चित करेगी कि दुकानों में कहीं भी कोरोना प्रोटोकॉल का उल्लंघन नहीं हो।

नियमों का पालन करवाने 118 टीम मैदान में

भोपाल में चरणबद्ध तरीके से शुरू हुई अनलॉक की प्रक्रिया पर सतत् निगरानी रखने और कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करवाने 118 टीमों को मैदान में उतारा है। टीम में पुलिस, प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी शामिल हैं। यह टीम बाजारों और दुकानों की सतत् मॉनिटरिंग करेगी। यदि नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, तो ऑनस्पॉट फाइन की कार्रवाई की जाएगी।

 

#Unlocked Bhopal

Source : Agency

पाठको की राय