Wednesday, October 21st, 2026

दो दिन के राजस्थान दौरे पर जाएंगे केंद्रीय गृह मंत्री, BSF जवानों के साथ सीमा पर बिताएंगे रात

नई दिल्ली
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चार दिसंबर को एक रात राजस्थान में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास बिताएंगे। समाचार एजेंसी एक रिपोर्ट के अनुसार गृह मंत्रालय के शीर्ष सूत्रों ने बताया कि अपनी दो दिवसीय राजस्थान यात्रा के दौरान एक रात वह बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) जवानों के साथ रहेंगे। गृह मंत्री चार दिसंबर को जैसलमेर का दौरा करेंगे और यहां अंतरराष्ट्रीय सीमा की निगरानी करने वाले बीएसएफ के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।

सूत्रों ने बताया कि जैसलमेर पहुंचने के बाद शाह पश्चिमी सीमा पर सुरक्षा की समीक्षा करेंगे। वह बीएसएफ अधिकारियों की ओर से की जाने वाली रात्रि पैट्रोलिंग भी देखेंगे। वह क्षेत्र की एक सीमा चौकी पर बीएसएफ अधिकारियों के साथ एक रात्रि व्यतीत करेंगे। यह पहली बार होगा जब गृह मंत्री सीमा के पास बीएसएफ अधिकारियों के साथ रात गुजारेंगे। वह पांच दिसंबर को जैसलमेर में पहली बार हो रहे बीएसएफ के स्थापना दिवस में भी शामिल होंगे।

बीएसएफ का स्थापना दिवस पहली बार जैसलमेर में मनाया जाएगा। इससे पहले इसका आयोजन दिल्ली में किया जाता था। एक दिसंबर 1965 को स्थापित हुई बीएसएफ पर भारत-पाकिस्तान और भारत-बांग्लादेश सीमा की निगरानी करने की जिम्मेदारी है। इसके साथ ही बीएसएफ कश्मीर घाटी में आतंकियों के खिलाफ घुसपैठ रोधी भूमिका भी निभा रही है। बीएसएफ ओडिशा और छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियानों का संचालन भी कर रही है।

 

#Union Home Minister

Source : Agency

पाठको की राय