यूनिसेफ ने विश्व बाल दिवस पर बच्चों के खिलाफ हिंसा और सीखने की हानि को प्रमुखता से उठाया
रायपुर
महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से यूनिसेफ द्वारा आयोजित सप्ताह भर चलने वाले विश्व बाल दिवस 2021 समारोह का आज यहां समापन हुआ। ग्लोबल किड्स टेक आॅवर और महामारी कक्षा जैसी गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों में सीखने की हानि, बच्चों के खिलाफ हिंसा और बाल अधिकारों जैसे मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाना था।
यूनिसेफ छत्तीसगढ़ के प्रमुख जॉब जकारिया ने कहा कि बच्चों के खिलाफ हिंसा न केवल बच्चों के अस्तित्व और स्वास्थ्य के लिए बल्कि उनके भावनात्मक कल्याण के लिए भी खतरा है। बच्चे व्यापक स्तर पर हिंसा का शिकार हो रहे हैं और भारत में लाखों बच्चों के लिए यह एक कठिन वास्तविकता बनी हुई है। साक्ष्य बताते हैं की इस महामारी के दौरान बच्चों के खिलाफ हिंसा की घटनाओं में वृद्धि हुई है और इसे समाप्त करने के लिए समाज में हर स्तर पर जागरूकता और उपयुक्त कार्रवाई की आवश्यकता है। विश्व बाल दिवस और बाल अधिकार सम्मेलन मनाने के लिए दुनिया भर के प्रमुख स्मारकों और स्थलों को नीले रंग से उज्ज्वलित किया जाता है। बाल अधिकारों को बढ़ावा देने के लिए रायपुर में घडी चौक, जयस्तंभ चौक, मेक इन इंडिया चौक, तेलीबंदा तालाब और भगत सिंह चौक को नीले रंग से रोशन किया गया।

पाठको की राय