Sunday, October 25th, 2026

रुक जाना नहीं योजना के तहत चार जून से परीक्षा आयोजित

भोपाल
 माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) की दसवीं-बारहवीं में फेल विद्यार्थियों के लिए राज्य ओपन बोर्ड द्वारा रुक जाना नहीं योजना के तहत चार जून से परीक्षा आयोजित की जाएगी। राज्य ओपन बोर्ड ने इसके लिए समय सारिणी जारी कर दी है। दसवीं की परीक्षा चार जून से शुरू होकर 17 जून को समाप्त होगी, जबकि बारहवीं की परीक्षा सात जून से प्रारंभ होकर 27 जून को समाप्त होगी।

ऐसे करें आवेदन

मंडल की दसवीं-बारहवीं परीक्षा में फेल विद्यार्थी 15 मई तक एमपी आनलाइन के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। गौरतलब है कि माशिमं के बीती 29 अप्रैल को जारी दसवीं-बारहवीं के परिणाम में करीब 4.75 लाख विद्यार्थी फेल हो गए थे। 10वीं में 3 लाख 55 हजार 371 परीक्षार्थी और 12वीं में एक लाख 19 हजार 851 परीक्षार्थी फेल हुए हैं।

रुक जाना नहीं में यह मिलेगा फायदा

राज्य ओपन बोर्ड की रुक जाना नहीं परीक्षा में माशिमं की दसवीं-बारहवीं के फेल विद्यार्थी शामिल हो सकते हैं। इसके तहत इन विद्यार्थियों को माशिमं की परीक्षा में सिर्फ फेल विषयों की परीक्षा देनी होती है।

एमवीएम में स्नातक प्रथम वर्ष की प्रायोगिक परीक्षाएं 12 मई से


उधर, राजधानी में स्‍थित मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय(एमवीएम) में स्नातक प्रथम वर्ष की प्रायोगिक परीक्षा तय दिवस 12 मई से ही शुरू होंगी। तारीख बढने के बाद कोई विद्यार्थी परीक्षा फार्म भरता है तो उसके लिए अलग से बैच बनाकर परीक्षा ली जाएगी। वहीं बीयू की परीक्षा आवेदन से प्रायोगिक परीक्षाओं की कोई तारीख नही बढ़ाई जाएगी। बीयू ने 18 मई तक सामान्य शुल्क के साथ परीक्षा फार्म भरने की तारीख बढ़ाई है। 300 रुपये विलंब शुल्क के साथ 23 मई तक आवेदन होंगे। 24 मई से परीक्षा शुरू होने से एक सप्ताह पहले तक एक हजार विलंब शुल्क के साथ विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे। अब परीक्षा फार्म की तिथि बढ़ोत्तरी होने के बाद अगर कोई विद्यार्थी परीक्षा फार्म भरता है तो उसके लिए विषय के अनुसार महाविद्यालय प्रायोगिक परीक्षा आयोजित कराएगा। इसके अलावा सैन्य विषय की भी प्रायोगिक परीक्षा की तिथि भी जारी की जाएगी।

 

#दसवीं-बारहवीं परीक्षा

Source : Agency

पाठको की राय