Thursday, October 22nd, 2026

एकतरफा प्‍यार में बेकाबू हुआ सिरफिरा, शादी से इनकार पर लड़की के मुंह पर पैर रखकर मार दी गोली

आगरा

आगरा के एत्मादुद्दौला क्षेत्र में 11 दिन पहले सिरफिरे आशिक ने शादी से इनकार करने पर युवती को गोली मारी थी। बीते 10 दिन से पुलिस को परेशान कर रहे सिरफिरे को सोमवार को पुलिस ने दो साथियों के साथ दबोच लिया। गोली मारने में इस्तेमाल की गई देसी पिस्टल भी पुलिस ने बरामद कर ली है। एत्मादुद्दौला क्षेत्र में थाने के सामने स्थित बस्ती में एक अप्रैल को सुबह सिरफिरे आशिक ने युवती को छत पर घसीटकर उसका सिर दीवार में मार दिया था। इसके बाद युवती के मुंह पर पैर रखकर उसके पेट में गोली मार दी थी। युवती की मां ने फतेहाबाद निवासी देव गुर्जर उर्फ नेहरू के खिलाफ हत्या के प्रयास की धारा में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपित के साथ उसके दोस्त भी आए थे। दो साथियों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। एसओजी ने राजस्थान और मध्यप्रदेश में दबिश दी थी, वह हाथ नहीं आया।
 

सोमवार को एसओजी टीम और थाना पुलिस ने देव गुर्जर को एत्माद्दौला क्षेत्र के कटरा बजीर खां से गिरफ्तार कर लिया। मंगलवार को सदर के राजपुर चुंगी निवासी रघु ठाकुर, मलपुरा के जखोदा निवासी सूरज बघेल को भी गिरफ्तार कर लिया है। एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि आरोपित से देसी पिस्टल बरामद हुई है।

सिरफिरे ने किया युवती से प्यार का दावा
देव उर्फ नेहरू ने बताया है कि वह युवती से प्यार करता था। मगर, युवती ने उससे शादी करने से इनकार कर दिया था। इसलिए उसे मारने की साजिश रची थी। देव की साजिश में उसके दोस्त अरविंद बघेल, सूरज बघेल, रघु ठाकुर और अमित सविता शामिल थे। 31 मार्च को सभी इकट्ठे हुए थे। इसके बाद एक अप्रैल को सुबह अमित, अरविंद बाइक से और नेहरू अपने साथ रघु और सूरज को ऑटो से लेकर वहां पहुंचा था। चारों साथी मदद के लिए युवती के घर के बाहर खड़े रहे। देव गुर्जर पड़ोस के निर्माणाधीन घर से चढ़कर युवती के घर की छत पर पहुंच गया। इसके बाद युवती को छत पर बने कमरे से खींचकर गोली मार दी। इसके बाद निर्माणाधीन घर से ही कूदकर वह साथियों के साथ भाग गया था। गिरफ्तार करने वाली टीम ने इंस्पेक्टर एत्मादुद्दौला सत्यदेव शर्मा, एसओजी प्रभारी कुलदीप दीक्षित, एसआई राजकुमार कुशवाह और अन्य शामिल रहे।

 

#एकतरफा प्‍यार

Source : Agency

पाठको की राय