Saturday, October 24th, 2026

वाहन दुर्घटना में चाचा-भतीजा की मौत, ड्राइवर फरार

हजारीबाग
झारखंड के हजारीबाग जिले के चौपारण प्रखंड के एनएच-2 स्थित दनुआ घाटी में हथिया बाबा के पास सोमवार को वाहन दुर्घटना में चाचा-भतीजे की मौत हो गयी, जबकि गाड़ी पर सवार दर्जनभर लोग घायल हो गए. मृतक शैलेश तिवारी एवं उनका भतीजा टुनटुन तिवारी देवघर के पथरी बसकुटिया के रहने वाले थे. सूचना पाते ही थाना प्रभारी स्वपन कुमार महतो ने दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचकर घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक अस्पताल में भर्ती कराया. वहीं, मृतकों के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया. बताया जा रहा है कि ये सभी दुर्गा पूजा पर बकरा खरीदने बिहार जा रहे थे.

झारखंड के हजारीबाग जिले में हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गयी है, जबकि अन्य लोग घायल हैं. घायलों में रामदेव यादव (38 वर्ष), शंकर यादव (35 वर्ष), सांदेव यादव (30 वर्ष), राजेश कुमार (20 वर्ष), शंकर तिवारी (34 वर्ष) को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया है.

शंकर यादव ने बताया कि वे लोग दुर्गा पूजा के अवसर पर देवघर से बिहार के शेरघाटी बकरा खरीदने जा रहे थे. गाड़ी 10 अक्टूबर को रात को 10.30 बजे शेरघाटी के लिए देवघर से चली थी. गाड़ी पर 15 लोग सवार थे. गाड़ी मालिक लक्ष्मण यादव स्वयं गाड़ी चला रहा था. दनुआ घाटी पहुंचते ही लक्ष्मण अपना संतुलन खो बैठा और गाड़ी 25 फीट गड्ढे में पलटता हुआ चला गया. घटना में चाचा-भतीजा की मौत मौके पर हो गयी, जबकि शेष लोग घायल हो गये. घटना के दौरान चालक गाड़ी से कूद कर फरार हो गया.

गाड़ी पर सवार अन्य लोगों ने बताया कि वे लोग बकरे का व्यापार करते हैं. प्रत्येक वर्ष की तरह दुर्गा पूजा में शेरघाटी से बकरे लेकर देवघर के विभिन्न बाजारों में बेचते हैं. सांदेव यादव ने बताया कि सभी व्यापारियों का पैसा भी चालक लक्ष्मण यादव के पास ही है. पुलिस लक्ष्मण यादव की तलाश कर रही है.

 

#accident#driver absconding

Source : Agency

पाठको की राय