Tuesday, October 20th, 2026

उद्धव ने 65 उम्मीदवारों की जारी की पहली लिस्ट, MVA में सीट बंटवारे का एलान

मुंबई
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट ने आगामी महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के लिए 65 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे के बेटे और युवा नेता आदित्य ठाकरे को वर्ली विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतारा गया है। आदित्य ठाकरे वर्ली से मौजूदा विधायक हैं, इस बार फिर से उसी सीट से चुनाव लड़ेंगे। वर्ली को शिवसेना का एक महत्वपूर्ण गढ़ माना जाता है।

महा विकास अघाड़ी (MVA) गठबंधन के तहत चुनाव लड़ रही उद्धव ठाकरे की शिवसेना 85 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने संजय राउत की मौजूदी में इसकी घोषणा की है। शिवसेना (UBT) ने ठाणे से राजन विचारे को टिकट दिया है। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के सामने ठाकरे गुट ने केदार दिघे को कोपरी-पचपखड़ी से टिकट दिया है। केदार दिघे दिवंगत नेता आनंद दिघे के रिश्तेदार हैं। आनंद दिघे को शिंदे का राजनीतिक गुरु माना जाता है।

युवा सेना नेता एवं ठाकरे के रिश्तेदार वरुण सरदेसाई शहर की बांद्रा (पूर्व) सीट से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने अपने अधिकांश विधायकों को फिर से उम्मीदवार बनाया है जो 2022 में शिवसेना में विभाजन के बाद उद्धव ठाकरे के साथ बने रहे।

महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा, “हमने तय किया है कि कांग्रेस, एनसीपी (शरद पवार गुट) और शिवसेना (यूबीटी) 85-85 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और बाकी 18 सीटों पर हम समाजवादी पार्टी सहित अपने गठबंधन दलों से बात करेंगे और कल तक उन्हें मंजूरी मिल जाएगी। हम महा विकास अघाड़ी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं और हम सरकार बनाएंगे।” महाराष्ट्र में 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 20 नवंबर को होगा और मतगणना 23 नवंबर को होगी।

 

#Uddhav releases first list of 65 candidates

Source : Agency

पाठको की राय