Thursday, October 22nd, 2026

दो शिकार ओर चहल तोड़ देंगे बुमराह का रिकॉर्ड,इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच दूसरा टी20 आज

 कोलकाता


टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच तीन टी20 की सीरीज कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेली जा रही है. भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल के पास सीरीज के दूसरे मैच में जसप्रीत बुमराह का रिकॉर्ड तोड़ने का एक सुनहरा मौका है. बुमराह इस सीरीज में नहीं खेल रहे हैं. उन्होंने आराम लिया है. ऐसे में उनकी गैरमौजूदगी में चहल के पास दो विकेट लेकर रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है.

सीरीज का पहला मैच भारतीय टीम ने 6 विकेट से जीता था. इसी के साथ सीरीज में भी 1-0 की बढ़त बना ली है. अब दोनों टीम भारत और वेस्टइंडीज के बीच सीरीज का दूसरा टी20 18 फरवरी को खेला जाएगा.

दूसरा विकेट लेते ही बुमराह को पीछे छोड़ देंगे

इस मैच में दो विकेट लेने के साथ ही युजवेंद्र चहल टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे. इस मामले में वह भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का रिकॉर्ड ध्वस्त कर देंगे. बुमराह ने अब तक 55 मैच में 66 विकेट झटके हैं. जबकि चहल के नाम अब तक 51 टी20 में 65 विकेट दर्ज हैं. ऐसे में चहल अगले मैच में अपना दूसरा विकेट लेने के साथ ही बुमराह को पीछे छोड़ देंगे.

वर्ल्ड के टॉप-15 बॉलर्स में कोई भी भारतीय नहीं

चहल के ठीक पीछे ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन चल रहे हैं. अश्विन ने अब तक 51 टी20 में 61 विकेट झटके हैं. अश्विन और बुमराह दोनों ही इस सीरीज में नहीं खेल रहे हैं. वहीं यदि ओवरऑल बात की जाए तो वर्ल्ड में टी20 इंटरनेशनल में बांग्लादेश के शाकिब अल हसन टॉप विकेटटेकर हैं. उन्होंने अब तक 94 टी20 में 117 विकेट झटके हैं. सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले वर्ल्ड के टॉप-15 बॉलर्स की लिस्ट में कोई भी भारतीय नहीं है. जसप्रीत बुमराह 17वें नंबर पर हैं.

 

#युजवेंद्र चहल

Source : Agency

पाठको की राय