गैलन पानी से भरी दो टंकियां हुई ध्वस्त, 36 लाख लीटर पानी मलबे के साथ सड़क पर आ गया
भिलाई
भिलाई इस्पात संयंत्र के टाउनशिप स्थित सेक्टर 4 में मंगलवार की सुबह गैलन पानी से भरी दो टंकियां अचानक ध्वस्त हो गई। इन टंकियों से सेक्टर 4 व सेक्टर 3 स्थित आवासों को जलापूर्ति की जाती है। पलभर में 36 लाख लीटर पानी मलबे के साथ सड़क पर आ गया। दोनों टंकियों से 3000 घरों में पानी जाता था। दोनों टंकिया की कैपेसिटी 18 - 18 लाख लीटर थी।
भिलाई टाउनशिप क्षेत्र में मंगलवार सुबह 6 बजे के करीब सेक्टर-4 मार्केट के पास स्थित दो पानी की टंकी भरभराकर गिर गईं। गनीमत ये रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। मेंटनेंस आॅफिस के कुछ हिस्से को भी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद से मौके पर लोगों की भीड़ लगी है। दोनों टंकी से सेक्टर 4 और सेक्टर 3 क्षेत्र में पानी सप्लाई की जाती थी। चश्मदीदों के मुताबिक पहले एक पानी टंकी गिरी और उसने दूसरी को भी चपेट में ले लिया। पलभर में 36 लाख लीटर पानी मलबे के साथ सड़क पर आ गया। दोनों टंकियों से 3000 घरों में पानी जाता था। दोनों टंकिया की कैपेसिटी 18 - 18 लाख लीटर थी। पानी टंकी गिरने की सूचना मिलते ही विधायक देवेंद्र यादव और मेयर नीरज पाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया। दुर्घटना के दो घंटे बीत जाने के बाद भी मौके पर बीएसपी का एक भी जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा।
विधायक के मुताबिक बीएसपी प्रबंधन को लगातार इसकी जानकारी देकर मरम्मत की मांग की गई थी। उन्होंने ध्यान नहीं दिया। जबसे बीएसपी का प्राइवेटाइजेशन हो रहा है बीएसपी के अधिकारी अपनी सोशल रिस्पॉन्सबिलिटी भूल गए हैं। कोशिश की जाएगी कि निगम प्रशासन, जिला प्रशासन और बीएसपी के सहयोग से लोगों को पानी देने की व्यवस्था की जाए।
बीएसपी की मान्यता प्राप्त यूनियन इंटक ने इस घटना के लिए बीएसपी को जिम्मेदार बताया है। यूनियन के महासचिव वंश बहादुर सिंह का आरोप है कि हर मीटिंग में जर्जर पानी टंकी के बारे में बीएसपी प्रबंधन को जानकारी दी गई। लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। लोग अब पानी सप्लाई को लेकर चिंतित हैं।
बताया जा रहा है कि कई दशक पूर्व बनी इन टंकियां के जर्जर होने की खबर पिछले दिनों ही बीएसपी प्रबंधन को हुई थी। इसके बाद थोड़ी लीपापोती कर मरम्मत की गई और उसे उसी हाल में छोड़ दिया गया। वहीं पानी की टंकी के ध्वस्त होने से इलाके में जलापूर्ति ठप हो गई। हालांकि इस दौरान कोई जनहानि हुई है या नहीं इसकी जानकारी अभी तक नहीं हो पाई है।

पाठको की राय