Tuesday, October 20th, 2026

आपस में भिड़े दो शिंदे समर्थक गुट, जमकर चली लाठियां, एक हुआ बेहोश

 उल्हासनगर 

महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाले समूह के दो गुटों में मारपीट की खबर है। घटना उल्हासनगर की है, लेकिन अभी तक मारपीट की असली वजह का पता नहीं चल सका है। फिलहाल, दोनों ही गुट पुलिस में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे हैं। घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें नजर आ रहा है कि एक शख्स बेहोश हो गया है। घायलों का इलाज जारी है।

शिंदे गुट के पदाधिकारी विजय जोशी ने जानकारी दी कि उल्हासनगर कैंप में एसएसटी कॉलेज के पास मानेरा गांव में सड़क की हालत कई सालों से खराब है। इसे लेकर सांसद डॉक्टर श्रीकांत शिंदे ने 17 करोड़ रुपये का फंड जारी किया था। एक अखबार से बातचीत में उन्होंने कहा, 'सांसद शिंदे खुद इस सड़क का काम देखने आ रहे थे, तो मैं पूर्व पार्षद अरुण आशान के साथ कार्यकर्ताओं के साथ सड़क का निरीक्षण करने गया था।'


उन्होंने आगे बताया, 'उस समय पूर्व पार्षद विमल वसंत भोइर के बेटे साथियों के साथ आ गए और मुझपर और मेरे कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। इस हमले में मेरा एक समर्थक घायल हो गया है। मुझे भी मारा गया।' जोशी ने बताया कि इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। उन्होंने कहा कि घटना की शिकायत के लिए विट्ठलवाड़ी पुलिस स्टेशन गए थे, लेकिन कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है।

कहा जा रहा है कि दोनों गुटों के बीच राजनीतिक खींचतान चलती रहती है। जानकारी मिलने के बाद उल्हासनगर पुलिस मौके पर पहुंची। अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। हमले में जोशी के भाई अजय को भी गंभीर चोटें आई हैं। इसके अलावा मुकेश नाम का उनका समर्थक के भी सिर में चोट लगी है।
 

 

#शिंदे समर्थक

Source : Agency

पाठको की राय