Tuesday, October 20th, 2026

इंदौर में दो पुलिसकर्मी सस्पेंड और तीन लाइन हाजिर, BJP नेता को जबरन थाने ले जाने का था आरोप

इंदौर
मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के महू में एक विवाद के बाद स्थानीय बीजेपी पदाधिकारी को जबरन थाने ले जाने के मामले में दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया. साथ ही तीन अन्य को लाइन हाजिर किया गया. एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी. एक अधिकारी ने बताया कि इंदौर (ग्रामीण) पुलिस अधीक्षक (एसपी) हितिका वासल ने सस्पेंशन और लाइन हाजिर करने के आदेश जारी किए.

महू थाने के प्रभारी संजय द्विवेदी ने बताया, नायब तहसीलदार राधावल्लभ धाकड़ गुरुवार की शाम को कोडरिया गांव की अयोध्यापुरी कॉलोनी में निर्माणाधीन मंदिर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गए थे, जहां से उन्होंने पुलिस को बुलाया. इसके बाद सहायक उपनिरीक्षक (ASI) जयदेव गोरखेड़े कांस्टेबल योगेंद्र चौहान, कृष्णपाल मालवीय, सुखराम गिरवाल और विजय अंडेलकर के साथ घटनास्थल पर पहुंचे.

उन्होंने कहा, मंदिर पर बीजेपी मंडल अध्यक्ष मनोज पाटीदार अन्य लोगों के साथ घटनास्थल पर पहले से मौजूद थे और उनका किसी बात को लेकर पुलिस टीम से विवाद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मनोज पाटीदार को जबरन पुलिस वैन में बैठाया और थाने ले गई. इसी मामले में अब उन्होंने बताया कि योगेंद्र चौहान और कृष्णपाल मालवीय को निलंबित कर दिया गया है. जबकि एएसआई जयदेव गोरखेड़े और आरक्षक सुखराम गिरवाल और विजय अंडेलकर को डीआरपी लाइन्स, महू भेज दिया गया है.

 

#2 policemen suspended

Source : Agency

पाठको की राय