Saturday, October 24th, 2026

बिहार-नालंदा में दो लोगों की मौत, नदी में महिला डूबी और युवक को खेत में लगा करंट

नालंदा.

नालंदा जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और एक युवक की मौत हो गई है। पहली घटना अस्थावां थानाक्षेत्र की है, जहां एक महिला का शव नदी में उतराता हुआ मिला। दूसरी घटना एकंगरसराय थानाक्षेत्र में हुई, जहां एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, अस्थावां थानाक्षेत्र के निजामपुर वार्ड-2 निवासी कुंती देवी (48) 30 सितंबर को घर से निकली थीं और उसके बाद से लापता थीं।

बुधवार की सुबह सोयवा नदी में उनका शव मिला। शव मिलने पर गांव में मातम छा गया और परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। वहीं, दूसरी घटना एकंगरसराय थानाक्षेत्र के तारापुर गांव की है। जहां राजेश कुमार (23) शौच के लिए घर से बाहर निकला था और करंट की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का खुलासा तब हुआ जब सुबह लोग खेतों की ओर जा रहे थे। दोनों घटनाओं की जानकारी मिलते ही संबंधित थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने दोनों मामलों में अप्राकृतिक मौत का मामला (यूडी केस) दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

#Bihar-Nalanda#Two died#woman drowned#man electrocuted

Source : Agency

पाठको की राय