Friday, August 28th, 2026

रक्षाबंधन पर यूपी में दो बड़े बस हादसे, 4 की मौत; 50 से ज्यादा यात्री घायल

लखनऊ 
रक्षाबंधन पर यूपी में कुछ घंटों के अंतराल पर दो बस हादसों ने कोहराम मचा दिया है। बुलंदशहर में हाईवे पर डंफर में रोडवेज बस घुस गई। इससे मासूम और महिला की मौत हो गई और 16 यात्री घायल हो गए। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर आजमगढ़ में डिवाइडर से रोडवेज बस टकरा गई। यहां भी चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई और 34 घायल हो गए हैं। बुलंदशहर में मरने वाले इटावा और एटा के रहने वाले हैं।

दिल्ली से कानपुर जा रही थी बस
बुलंदशहर में खुर्जा देहात थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-34 पर शुक्रवार की सुबह दिल्ली से कानपुर जा रही रोडवेज बस खुर्जा देहात थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-34 स्थित बगराई मोड़ के निकट पहुंची। इसी दौरान तेज रफ्तार बस आगे चल रहे रोड़ी से लदे डंफर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा डंफर में जा घुसा। जिसके चलते बस का आधा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में इटावा कोतवाली क्षेत्र के सती मोहल्ला निवासी नौ वर्षीय राधिका पुत्री चंदन और बबली (35 वर्षीय) पत्नी नीरज उर्फ रिंकू निवासी गांव कंकरेटा थाना पिलुआ जिला एटा की मौत हो गई।

बस का चालक फरार
वहीं, बस में सवार 16 अन्य लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया। हादसे के बाद डंफर और रोडवेज बस के चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालकों की तलाश की जा रही है। मौके पर एसपी देहात अंतरिक्ष जैन, सीओ खुर्जा शोभित कुमार अत्री और एसडीएम सत्येंद्र कुमार सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।

पांच एंबुलेंस से घायलों को अस्पताल भेजा
करीब पांच एंबुलेंस गाड़ियों के जरिए घायलों को कैलाश अस्पताल और जटिया अस्पताल पहुंचाया गया। डीएम कुमार हर्ष और एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने खुर्जा अस्पताल पहुंच कर घायलों का हाल जाना। एसपी देहात अंतरिक्ष जैन ने बताया कि सड़क दुर्घटना में मासूम और महिला की मौत हुई है। घायलों को उपचार लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। जांच की जा रही है।

आजमगढ़ में हादसे की शिकार बस लखनऊ से बलिया जा रही थी
वहीं, आजमगढ़ के पवई थाना क्षेत्र के माइलस्टोन 191 पर चकिया गांव के समीप की गुरुवार की देर रात बेल्थरा डिपो की यात्रियों से भरी बस गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के पिलर से टकरा गई। हादसे में बस चालक समेत दो की मौत हो गई, जबकि 34 यात्री घायल हो गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस के परखचे उड़ गए‌। मौके चीखपुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा राहत कर्मियों ने घायलों को मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों का हाल जानने डीएम रविंद्र कुमार समेत स्वास्थ्य विभाग के भी अधिकारी पहुंच गए।

ओवरटेक कर रही पिकप के कारण हादसा
जनपद मऊ के मधुबन थाना क्षेत्र के अहिरौली निवासी 35 वर्षीय रजनीकांत बेल्थरा डिपो की बस चलाते थे। देर रात करीब 55 यात्रियों को लेकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे होते हुए लखनऊ से बलिया जा रहे थे। पवई थाना क्षेत्र के माइलस्टोन 191 पर चकिया गांव के समीप पहुंचे थे। इस दौरान पीछे से पशु लदी पिकअप ओवरटेक कर आगे निकलने लगी। इस दौरान बस का अगला हिस्सा पिकअप से टकरा गया। इसके बाद बस अनियंत्रित हो गई और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के पिलर से जा भिड़ी। हादसा इतना जबरदस्त था कि चीखपुकार मच गई।

पिकअप भी आगे जाकर पलटी
वहीं पिकअप भी आगे जाकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे पलट गई। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस और यूपीडा के राहत कर्मियों ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे में बस चालक रजनीकांत और एक अज्ञात महिला की मौत हो गई। जबकि 34 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल पहुंचे डीएम रविंद्र कुमार ने सीएमओ डा. ननकू राम और एसआईसी सतीश कनौजिया को घायलों का बेहतर ढंग से इलाज करने के निर्देश दिए।

 

#accident

Source : Agency

आपकी राय

7 + 8 =

पाठको की राय