Wednesday, October 21st, 2026

एक ही समय पर खेले जाएंगे दो IPL मैच

नई दिल्ली
इंडियन प्रीमियर लीग की गवर्निंग काउंसिल ने मंगलवार को अपनी बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए, जिसमें प्रमुख है दो आईपीएल मैचों का एक ही समय पर खेला जाना। आईपीएल इतिहास में ऐसा पहली बार होने जा रहा है, जब दो लीग मैच एक ही समय पर शुरू होंगे। यह दोनों मैच 8 अक्टूबर को खेले जाने हैं। इसमें पहला मैच सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच है, जबकि दूसरा मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाना है। पहले तय कार्यक्रम के हिसाब से सनराइजर्स हैदराबाद बनाम मुंबई इंडियंस का मैच दोपहर साढ़े तीन बजे से खेला जाना था और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर बनाम दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच शाम साढ़े सात बजे से शुरू होना था, लेकिन अब समय को बदल कर दोनों मैचों की टाइमिंग शाम साढ़े सात बजे से कर दी गई है। बीसीसीआई सचिव जय शाह ने घोषणा करते हुए कहा, '2023-2027 चक्र के लिए आईपीएल मीडिया राइट्स टेंडर दो नई आईपीएल टीमों की नियुक्ति के तुरंत बाद जारी किए जाएंगे, जिसकी घोषणा 25 अक्टूबर 2021 को की जाएगी।

बता दें कि आईपीएल के अब तक 41 मैच खेले जा चुके हैं, लेकिन कोई भी टीम लीग से बाहर नहीं हुई है और न ही किसी टीम ने प्लेऑफ में जगह पक्की की है। मंगलवार को ऋषभ पंत की अगुवाई वाली दिल्ली कैपिटल्स के पास कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर प्लेऑफ में जगह बनाने वाली पहली टीम बनने का मौका था, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। यहां इयोन मोर्गन की कप्तानी वाली केकेआर ने दिल्ली को तीन विकेट से हराकर अपनी प्लेऑफ की दावेदारी मजबूत कर ली। प्वॉइंट टेबल में इस समय चेन्नई सुपर किंग्स 16 प्वॉइंट्स के साथ सबसे ऊपर चल रही है। 
 

 

#Two IPL

Source : Agency

पाठको की राय