Saturday, October 24th, 2026

दो समलैंगिक बहनों को हुआ प्यार, भागकर मंदिर में रचाई शादी

दनकौर
घर से गायब दो समलैंगिक युवतियों ने मंदिर में शादी कर ली। पुलिस ने दोनों युवतियों को बरामद किया तो मामले का खुलासा हुआ। अधिकारियों ने दोनों युवतियों को उनके मनचाहे स्थान पर पुलिस सुरक्षा में भेज दिया है। ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र के एक गांव की युवती 20 अप्रैल को गायब हो गई थी। परिजन उसे कई दिन तक तलाशते रहे, मगर वह नहीं मिली। इसके बाद कोतवाली में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। उधर ,दिल्ली के अंबेडकर नगर के थाना क्षेत्र से भी उसी दिन एक और युवती गायब हुई थी। अंबेडकर नगर थाने में परिजनों ने भी उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

दरअसल, अंबेडकर नगर से गायब हुई युवती दनकौर के एक गांव से गायब युवती के मामा की बेटी है। दोनों ने दिल्ली में एक मंदिर में शादी कर ली। दिल्ली पुलिस और दनकौर पुलिस काफी दिनों से गुमशुदा दोनों युवतियों की तलाश कर रही थी, लेकिन उनका सुराग नहीं लगा था। शादी के बाद दोनों युवतियां दिल्ली में किराये मकान में रह रही थीं। जांच के दौरान दनकौर पुलिस ने युवती को बरामद कर दिया। वह दुल्हन की वेशभूषा में थी और उसके साथ रह रही दूसरी युवती दूल्हे के रूप में मिली। दोनों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने स्वेच्छा से एक-दूसरे के साथ शादी कर ली है और वह एक-दूसरे के साथ ही रहना चाहती हैं।

दोनों के परिजन कोतवाली आ गए और उन्हें समझाते रहे, मगर वह अपने फैसले पर अड़िग रहीं। युवतियों के इस प्रसंग को लेकर दोनों के परिजन भी आपस में लड़ते नजर आए। वहीं, दोनों युवतियों ने स्पष्ट कहा कि वह बालिग हैं और एक दूसरे के साथ ही रहना चाहती हैं। दोनों युवतियों को उनकी सुरक्षा के चलते पुलिस ने एक रिश्तेदार के साथ उन्हें उनकी मर्जी के स्थान पर भेज दिया। दनकौर कोतवाली निरीक्षक राधा रमण सिंह ने बताया कि दोनों युवतियां समलैंगिक हैं, जिन्होंने शादी कर ली है। दोनों बालिग हैं और अपनी मर्जी से एक-दूसरे के साथ ही रहना चाहती हैं। उन्हें एक दूसरे के साथ परिचित रिश्तेदार के साथ सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है।

 

 

#Two gay sisters

Source : Agency

पाठको की राय