Sunday, October 25th, 2026

अब Twitter से होगी हजारों में कमाई, वेरिफाइड क्रिएटर्स को मिलेगा ऐड रेवन्यू का हिस्सा

नई दिल्ली

लोकप्रिय माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म Twitter की ओर से एक महत्वपूर्ण घोषणा की गई है और अब इसपर कंटेंट क्रिएटर्स को कमाई का मौका मिलेगा। ट्विटर ने गुरुवार को घोषणा की है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर चुनिंदा यूजर्स को कंपनी को मिलने वाले एडवर्टाइजमेंट रेवन्यू का हिस्सा दिया जाएगा। यानी कि अब एलिजिबल यूजर्स ट्वीट्स के बदले पैसे कमा सकेंगे। कंटेंट क्रिएटर्स को उनके रिप्लाईज पर दिखाए जाने वाले विज्ञापनों से होने वाली कंपनी की कमाई में से उनका हिस्सा दिया जाएगा। हालांकि, नए बदलाव का फायदा सभी यूजर्स को नहीं मिलेगा और क्रिएटर्स का वेरिफाइड होना जरूरी है। साथ ही क्रिएटर की ओर से पिछले 3 महीने में की गई हर पोस्ट पर कम से कम 50 लाख इंप्रेशंस होने चाहिए। साथ ही स्ट्राइप पेमेंट अकाउंट होना भी जरूरी है।
 
प्लेटफॉर्म पर यूजर्स को लाने की कवायद
मेटा की ओर से बीते दिनों लॉन्च की गई Threads by Instagram ऐप से Twitter को कड़ी टक्कर मिल रही है और इसके पास अपना ऐक्टिव यूजरबेस बरकरार रखने की चुनौती है। कमाई में क्रिएटर्स को हिस्सा देने का कदम ज्यादा क्रिएटर्स को इस प्लेटफॉर्म पर लाने और बरकरार रखने से जुड़ा है। इससे पहले कंपनी ने क्रिएटर्स को उनके ट्वीट्स के लिए पेड सब्सक्रिप्शन ऑफर करने का विकल्प दिया था।

सब्सक्रिप्शन में हिस्सा नहीं ले रहा ट्विटर
पिछले साल ट्विटर खरीदने वाले अमेरिकी अरबपति एलन मस्क ने कहा था कि कंपनी क्रिएटर्स को मिलने वाले सब्सक्रिप्शन रेवन्यू में कोई हिस्सा या कट नहीं लेगी। यानी कि जितनी सब्सक्रिप्शन फीस क्रिएटर्स ने तय कर दी है, पेमेंट गेटवे चार्जेस कटने के बाद वह पूरी रकम उन्हें दी जाती है। अब एडवर्टाइजमेंट रेवन्यू का हिस्सा भी क्रिएटर्स को मिलने वाला है लेकिन कितने पर्सेंट रेवन्यू मिलेगा, इसपर अभी कुछ साफ नहीं हुआ है।

बढ़ रहा है Threads ऐप का यूजरबेस
बीते दिनों मार्क जुकरबर्ग की कंपनी मेटा भी एक माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म Threads लेकर आई है। इस प्लेटफॉर्म को बेहतरीन प्रतिक्रिया मिली है और इसे ट्विटर का विकल्प माना जा रहा है। लॉन्च होने के बाद पहले पांच दिनों के अंदर इस ऐप के 10 करोड़ से ज्यादा साइन-अप्स हो गए हैं। ऐसे में यह सबसे ज्यादा तेजी से बढ़ने वाली सोशल मीडिया ऐप बन गई है।

 

 

#Twitter

Source : Agency

पाठको की राय