Sunday, October 25th, 2026

पटना के बेउर मोड़ पर ट्रक ने बाइक सवार दो भाइयों को कुचला, गुस्साई भीड़ ने ट्रक को फूंका

पटना.

पटना के बेउर मोड़ के नजदीक बाईपास पर एक ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार दो युवकों को कुचल डाला। इस हादसे में दोनों युवक घायल हो गए। गुस्साए लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। घटना के बाद मौके पर पहुंची अग्नि दस्ते की पुलिस ने आग पर काबू पाया। घायल युवकों की पहचान गर्दनीबाग थाना क्षेत्र के सरिस्ताबाद निवासी लाइन होटल संचालक अमर राय के बेटे राहुल कुमार और मंतोष कुमार के रूप में हुई है।

घटना के संबंध में स्थानीय लोगों का कहना है कि राहुल और मंतोश दोनों भाई एक साथ बाइक पर सवार होकर होटल को बंदकर अपने घर लौट रहे थे। तभी बाईपास पर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गये। लोगों का कहना है कि एक्सीडेंट होने के बाद भी चालक ने ट्रक को नहीं रोका और बाइक ट्रक में फंसे हुए  लगभग 100 मीटर तक सड़क से रगड़ाते चले गये। लोगों के शोर मचाने पर चालक ने ट्रक रोका और सहचालक के साथ ट्रक छोड़कर फरार हो गया। इस घटना में राहुल का पैर कटकर सड़क पर ही रह गया। आननफानन में लोगों ने दोनों  भाइयों को अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों की हालत गंभीर है।

गुस्साई भीड़ ने ट्रक को किया आग के हवाले
गुस्साई भीड़ ने ट्रक को आग के हवाले कर दिया। इतना ही नहीं ट्रक में खाना बनाने के लिए रखे सिलेंडर को भी खोल दिया, जिस वजह से आग और भड़क गई। घटना की सूचना मिलते ही गर्दनीबाग थाना और बेउर थाना और ट्रैफिक पुलिस के साथ साथ अग्निशमन की गाड़ी भी घटनास्थल पर पहुंची और फिर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आक्रोशित लोगों की मांग थी कि सरकार दोनों  भाइयों का मुफ्त में इलाज कराये। पुलिस का कहना है कि चालक और उपचालक की खोजबीन की जा रही है।

 

#truck crushed biker#Patna

Source : Agency

पाठको की राय