Saturday, October 24th, 2026

त्रिपुरा सरकार ने सभी आठ जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया

अगरतला

 त्रिपुरा सरकार ने भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से अगले 48 घंटों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज हवाएं और तूफान की चेतावनी जारी किये जाने के बाद सभी आठ जिलों में अलर्ट जारी किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

मौसम विभाग ने कहा कि बंगाल की खाड़ी में उत्पन्न होने वाले दबाव के चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की आशंका है।

अतिरिक्त सचिव (राजस्व) तमल मजूमदार ने कहा, ‘चक्रवाती तूफान के प्रभाव के कारण 25 मई से 28 मई तक त्रिपुरा में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है।’

उन्होंने कहा कि 26 मई को दक्षिण त्रिपुरा, गोमती, धलाई, सिपाहीजला और पश्चिम त्रिपुरा जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने का अनुमान है। उन्होंने कहा, ‘एहतियाती उपाय के रूप में इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।’

उन्होंने कहा, ’27 मई को गरज-चमक के साथ 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाएं और भारी बारिश से दक्षिण त्रिपुरा, गोमती, धलाई, सेपाहिजाला और पश्चिम त्रिपुरा जिले प्रभावित हो सकते हैं।’

उन्होंने कहा, ’28 मई को उत्तरी त्रिपुरा, उनाकोटि और धलाई जिलों में गरज-चमक और भारी बारिश के साथ आंधी आने का अनुमान है।’

उन्होंने कहा, ‘सभी जिलाधिकारियों को किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए एहतियाती कदम उठाने का निर्देश दिया गया है। उन्हें अलर्ट के मद्देनजर एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा मोचन बल), एसडीआरएफ (राज्य आपदा मोचन बल), त्रिपुरा स्टेट राइफल्स, दमकल विभाग और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े विभागों को तैयार रखने के लिए कहा गया है।’

 

 

 

 

 

#heavy rain

Source : Agency

पाठको की राय