6 शादी करने वाले पूर्व मंत्री चौधरी बशीर पर तीन तलाक का केस दर्ज
आगरा
उत्तर प्रदेश के आगरा के थाना मंटोला में 6 शादी करने वाले पूर्व मंत्री चौधरी बशीर के खिलाफ तीन तलाक का मुकदमा दर्ज किया गया है। पूर्व मंत्री के खिलाफ मुकदमा उनकी चौथी पत्नी नगमा ने दर्ज कराया है। आरोप है कि पूर्व मंत्री कपड़ों की तरह बीवियां बदलते हैं। इसके अलावा पूर्व मंत्री पर और भी गंभीर आरोप हैं। मुकदमा एसएसपी के आदेश के बाद दर्ज हुआ है।
पूर्व मंत्री की पत्नी नगमा का आरोप है कि चौधरी बशीर को महिलाओं के साथ अय्याशी करने का शौक रहता है। साल 2012 में उनकी शादी चौधरी बशीर से हुई थी। शादी के बाद उन्होंने शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किए। कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इस मामले में चौधरी बशीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था, जिसमें वह 23 दिन जेल में भी रह कर आए थे। चौधरी बशीर पर आरोप लगाने वाली नगमा ने अपना एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी अपलोड किया है। वीडियो में नगमा ने पूर्व मंत्री पर और भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
नगमा ने बताया कि वह तीन साल से अपने मायके में रह रही हैं। चौधरी बशीर के साथ उनका कोर्ट में विवाद चल रहा है। 23 जुलाई को उन्हें पता चला कि चौधरी बशीर फिर से एक और शादी करने वाले हैं। वह उनके पास गईं, लेकिन वहां से उसे तीन बार तलाक बोलकर भगा दिया गया। नगमा ने कहा कि छठा निकाह उसने शाहिस्ता नामक महिला से किया है, जो कि पहले से ही शादीशुदा है और उसका अभी तक अपने पहले पति से तलाक भी नहीं हुआ है।
साल 2003 में चौधरी बशीर ने कानपुर की विधायक गजाला से प्रेम विवाह किया था। बीएसपी सुप्रीमो मायावती ने दोनों की शादी करवाई थी। इसके बाद दोनों बीएसपी से समाजवादी पार्टी में पहुंच गए। दोनों का एक बेटा भी है। बाद में दोनों का तलाक हो गया। नगमा ने बताया कि दूसरी शादी उसने गिन्नी कक्कड़ से हिन्दू रीति-रिवाज से की थी। तीसरी शादी दिल्ली की तरन्नुम से की। चौथी शादी उनके साथ।
पूर्व मंत्री ने साल 2018 में पांचवी शादी रुबीना नामक महिला से की था। थाना मंटोला के प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पूर्व मंत्री के खिलाफ मुस्लिम महिला संरक्षण अधिनियम तीन तलाक के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। चौधरी बशीर पर इसके अलावा कई अपराधिक मामले भी दर्ज हैं, जो कोर्ट में विचाराधीन हैं।

पाठको की राय