चार विभागों के लिए खुला खजाना, अप्रैल में खर्च करेंगे 22 सौ करोड़
भोपाल
प्रदेश के निर्माण विभाग और बड़े विभागों के लिए वित्त विभाग ने खजाना खोल दिया है। इन विभागों के लिए अप्रैल महीने में विशेष व्यय सीमा बढ़ा दी गई है। ये चार विभाग अप्रैल माह में 22 सौ करोड़ रुपए से अधिक की राशि खर्च कर सकेंगे।
लोक निर्माण विभाग को अप्रैल माह में विशेष मासिक व्यय सीमा के तहत 699 करोड़ रुपए खर्च करने की अनुमति होगी। जलसंसाधन विभाग को अप्रैल माह में पांच सौ करोड़ रुपए पूंजीगत कामों पर खर्च करने की अनुमति दी गई है। नर्मदा घाटी विकास विभाग इस महीने पांच सौ करोड़ रुपए तक की राशि खर्च कर सकेगा। वहीं नगरीय विकास एवं आवास विभाग अप्रैल माह में 507 करोड़ रुपए खर्च कर सकेगा।
संचालक बजट आइरिन सिंथिया ने नर्मदा घाटी विकास, लोक निर्माण, जलसंसाधन और नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
विभागों ने मांगी थी छूट
वित्त विभाग ने सभी विभागों के लिए त्रैमासिक बजट की व्यय सीमा तय कर रखी है। विभाग इस सीमा से ज्यादा राशि खर्च नहीं कर सकते लेकिन निर्माण विभागों ने पूंजीगत कामों के लिए ज्यादा खर्च होने वाली राशि को देखते हुए वित्त विभाग को आवेदन देकर विशेष व्यय सीमा से छूट देने की मांग की थी। इसके बाद चार विभागों को वित्त विभाग ने छूट दी है।

पाठको की राय