Friday, October 23rd, 2026

परिवहन मंत्री राजपूत ने राहतगढ़ में किया कोविड सेंटर का शुभारंभ

भोपाल
राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने कहा कि प्रदेश-देश में बढ़ते कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने एवं मरीजों के उपचार की बेहतर व्यवस्थाएँ की जा रही है। इसी कड़ी में सागर की राहतगढ़ तहसील में 50 बिस्तरीय कोविड केयर सेंटर का उदघाटन करते हुए मंत्री राजपूत ने नागरिकों से अपील की है कि कोविड संक्रमण से बचने के लिये निर्धारित गाइड-लाइन का पालन करें।

अस्पताल प्रबंधन को सौंपी एम्बुलेंस
मंत्री राजपूत ने इस अवसर पर मरीजों को तुरंत राहत पहुँचाने की दृष्टि से अस्पताल प्रबंधन को एम्बुलेंस भी प्रदान की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की मंशा के अनुरूप जिले में कोविड केयर सेंटर्स की स्थापना की जा रही है। साथ ही होम आइसोलेटेड मरीजों की देखभाल के लिये डॉक्टर्स एवं कोविड वॉलेंटियर्स मरीजों से निरंतर संवाद बनाये हुए हैं तथा उन्हें आवश्यकतानुसार दवाइयाँ एवं अन्य आवश्यक वस्तुएँ मुहैया कराई जा रही हैं।

कार्यालयों में कोरोना कंट्रोल रूम स्थापित
मंत्री राजपूत ने कहा कि सागर स्थित उनके कार्यालय में कोरोना कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहाँ टोल-फ्री नम्बर पर आप अपनी समस्या का निदान करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चौहान ने मुझे दवा किट का दायित्व सौंपा है। मंत्री राजपूत ने डॉक्टर एवं पैरामेडिकल स्टॉफ से व्यवस्थाओं के संबंध में चर्चा की।

मंत्री राजपूत ने कहा कि कोरोना से घबराने की आवश्यकता नहीं है, परंतु सतर्कता बनाये रखना बहुत जरूरी है। मुख्यमंत्री चौहान की प्रदेश सरकार कोरोना के खात्मे के लिये आवश्यक उपाय कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना को हराने के लिये घर-घर पहुँचकर व्यापक जन-अभियान चलाने जा रहे हैं। इसके अंतर्गत प्रदेश सरकार प्रदेश के समस्त ग्रामीण क्षेत्रों में 'किल कोरोना-2'' अभियान 24 अप्रैल से 9 मई तक संचालित करने जा रही है। इसके अंतर्गत चयनित हॉट स्पॉट, जहाँ पॉजिटिविटी दर में वृद्धि हो रही हो, उस क्षेत्र में घर-घर जाकर बुखार के लक्षण वाले कोरोना के संभावित रोगियों की खोज की जायेगी।

मंत्री राजपूत ने कहा कि आज पूरा प्रदेश, देश एवं सम्पूर्ण विश्व कोरोना महामारी की सेकेंड लहर से प्रभावित है। संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार कोरोना महामारी से निपटने के लिये संसाधनों की उपलब्धता में कोई कमी नहीं आने देगी।

 

#Transport Minister

Source : Agency

पाठको की राय