Tuesday, October 20th, 2026

रतलाम में ट्रांसपोर्ट नगर निर्माण तत्काल शुरू

रतलाम
 मध्यप्रदेश के रतलाम में ट्रांसपोर्ट नगर का सपना 30 साल पहले 1990 में देखा गया। कई अड़चन इस काम को करने के लिए सामने आई, कलेक्टर रतलाम को जब इस बारे में पता चला तो उन्होंने कमर कसी। जो काम 30 साल से अधिक समय में नहीं हो पाया, वो 30 दिन में कर दिखाया।

रतलाम के बहुप्रतीक्षित ट्रांसपोर्ट नगर बनने का रास्ता साफ हो गया है। रतलाम विकास प्राधिकरण के संचालक मंडल की बैठक में ट्रांसपोर्टर नगर निर्माण के लिए करीब 25 करोड रुपए की निविदा को स्वीकृति दी गई। ट्रांसपोर्ट नगर निर्माण तत्काल शुरू होने जा रहा है।

18 हेक्टेयर भूमि में ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण

मुख्यालय के समीप सालाखेड़ी में 18 हेक्टेयर भूमि में ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण किया जाएगा। एक वर्ष में निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। संभवत: एक माह पश्चात प्लॉट बुकिंग शुरू हो जाएगी। प्राधिकरण के लिए राज्य नगर नियोजन संस्थान भोपाल से प्राप्त 3 वर्षीय पर्सपेक्टिव प्लान प्राप्त हुआ है उसे लागू करने के लिए शासन के अनुमोदन हेतु पत्र प्रेषित करने का निर्देश बैठक में दिया गया। कलेक्टर ने धारा 50 के तहत कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। प्लान में रतलाम शहर को तीन भागों में बांटते हुए तीन योजनाओं के तहत प्राधिकरण द्वारा कालोनियां विकसित की जाएंगी।

इसी प्रकार प्राधिकरण की नवीन योजना का सर्वे प्लान तैयार कराए जाने हेतु कलेक्टर पुरुषोत्तम द्वारा कंसल्टेंट की नियुक्ति के निर्देश दिए गए। बताया गया कि प्राधिकरण द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आवासीय या व्यवसाई कालोनियों के निर्माण के लिए कंसलटेंट की अत्यंत आवश्यकता है। प्राधिकरण की योजना क्रमांक तीन मां कालिका विहार में रिक्त भूखंडों के विक्रय हेतु विज्ञप्ति का प्रकाशन कराया जा चुका है। बैठक में बताया गया कि आगामी 18 मई से एमपी ऑनलाइन पोर्टल vikaspradhikaran.mponline.gov.in के माध्यम से भूखंडों की बिक्री प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। कॉलोनी में 135 भूखंड है, विभिन्न वर्गों के व्यक्तियों को भूखंड खरीदी में मदद के लिए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक द्वारा होम लोन भी उपलब्ध कराया जाएगा।

 

 

#ट्रांसपोर्ट नगर

Source : Agency

पाठको की राय