प्रयागराज और वाराणसी की सात सितंबर तक रद्द रहेंगी ट्रेन
लखनऊ
उत्तर रेलवे ने रायबरेली रेल खंड पर दोहरीकरण लाइन की मरम्मत के चलते लखनऊ-प्रयागराज व लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी ट्रेन को 11 अगस्त से सात सितंबर तक रद्द करने का निर्णय लिया है। रेलवे इस ट्रेन को कोरोना काल के दौरान एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में संचालित कर रहा था। अचानक एक जोड़ी ट्रेनें रद्द होने से दैनिक यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गईं। ट्रेन नंबर 04210 और 04209 लखनऊ से प्रयागराज और प्रयागराज से लखनऊ दोनों दिशाओं से रद्द रहेंगी। वहीं ट्रेन नंबर 04270 और 04269 लखनऊ से वाराणसी और वाराणसी से लखनऊ के बीच दोनों दिशाओं से सात सितंबर तक निरस्त रहेंगी। इस संबंध में रेलवे बोर्ड ने उत्तर रेलवे को ट्रेन निरस्त करने के आदेश जारी कर दिए है।
पांच हजार यात्रियों की परेशानी बढ़ी
जानकारी के मुताबिक प्रयागराज और वाराणसी की ट्रेनें रद्द होने से करीब पांच हजार दैनिक यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। दोनों दिशाओं से करीब रोजाना पांच हजार यात्री सफर करते थे। इन यात्रियों के पास अब ट्रेन का कोई विकल्प नहीं है। ऐसे में यात्रियों को प्रयागराज और वाराणसी जाने के लिए रोडवेज बसों का सहारा लेना पड़ेगा।

पाठको की राय