Wednesday, October 21st, 2026

‘जनजातीय गौरव दिवस’ में भोपाल आने वाली गाड़ियों को नहीं देना होगा टोल टैक्स

भोपाल
मध्य प्रदेश में होने वाले आदिवासी सम्मेलन ‘जनजातीय गौरव दिवस’ में भोपाल आने-जाने वाली गाड़ियों को टोल टैक्स में छूट मिलेगी. प्रदेश की शिवराज सरकार ने यह फैसला लिया है. 15 नवंबर को होने वाले इस कार्यक्रम को  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संबोधित करेंगे. भोपाल के जंबूरी मैदान में होने वाली रैली के लिए प्रदेश के आदिवासी बहुल इलाकों से आदिवासियों को लाने वाली बसों में खराबी की स्थिति में फौरन मरम्मत करने के लिए मैकेनिक भी उपलब्ध रहेंगे.

सरकारी की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हुई बैठक में अधिकारियों को सोमवार के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने का निर्देश दिया है. सीएम शिवराज के हवाले से बयान में कहा गया, ‘भोपाल में जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में आने वाले सभी वाहन टोल टैक्स से मुक्त होंगे.’

बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बिरसा मुंडा की जयंती को मनाने और भारतीय इतिहास और संस्कृति में अनुसूचित जनजातियों के सदस्यों के योगदान का सम्मान करने के लिए 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित करने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि राज्य के दूर दराज के जिलों से कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के साथ एक एम्बुलेंस भी हो.

भाजपा के सूत्रों के अनुसार पार्टी इस आयोजन में ढाई लाख आदिवासियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है. इधर, कांग्रेस विधायक और आदिवासी नेता हीरालाल अलावा ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री चौहान प्रधानमंत्री मोदी के प्रचार के लिए किए जा रहे इस आयोजन पर आदिवासियों के स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास की बजट राशि का उपयोग कर रहे हैं.

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित महासम्मेलन के दो प्रसंग हैं. पहला यह महा सम्मेलन बिरसा मुंडा की जयंती पर किया जा रहा है. कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शुरू होगा. पीएम मोदी यूं तो भोपाल के जंबूरी मैदान में मौजूद रहेंगे. लेकिन उनके कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण सभी आदिवासी ग्राम पंचायतों में किया जाएगा. आदिवासी जनजाति गौरव सम्मेलन के इस मौके पर प्रधानमंत्री मोदी प्रदेश में सिकलसेल उन्मूलन मिशन और राशन आपके ग्राम योजना भी शुरू करेंगे. कार्यक्रम में पीवीटीजी शिक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान दिया जाएगा और कोविड-19 पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई जाएगी.

 

#Tribal Pride Day

Source : Agency

पाठको की राय