Thursday, October 22nd, 2026

दर्दनाक घटना से दहला सनकारी गांव, खेल रहे बच्चों पर भरभराकर गिरी कच्चे मकान की दीवार, तीन की मौत

रामपुर
घर के बाहर खेल रहे बच्चों पर कच्चे मकान की दीवार गिर गई। मलबे में दबकर तीन बच्चों की मृत्यु हो गई, जबकि दो घायल हो गए। हादसे के बाद गांव में चीख पुकार मच गई। हादसा जिले के थाना भोट क्षेत्र के सनकरी गांव में हुआ।
रविवार को बाहर खेल रहे थे बच्चे

गांव के बच्चे रविवार दोपहर करीब 12 बजे खेल रहे थे। इस दौरान कच्चे मकान की दीवार उनके ऊपर भरभराकर गिर गई। बच्चे उसमें दब गए। उनकी चीख पुकार सुनकर लोग आ गए। मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला। उन्हें चिकित्सक के पास ले गए, जहां जब्बार की छह साल की बेटी इनायत, सद्दाम के तीन साल के बेटे अलबक्श और शन्नू के तीन साल के बेटे अलीम को डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
 
गांव के छोटे की तीन साल की बेटी अनम और जब्बार का पांच साल का बेटा सादिक हादसे में घायल हो गए। घटना से गांव में अफरातफरी मच गई। पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी भी गांव पहुंचे हैं। भोट थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक और घायल एक ही परिवार के हैं। चचेरे-तहेरे भाई-बहन हैं। वे सभी दादा आले हसन के मकान के बाहर खेल रहे थे। मकान की दीवार गिरने से हादसा हो गया। 

 

#दर्दनाक घटना से दहला सनकारी गांव

Source : Agency

पाठको की राय