बंद पड़े है मंदाकिनी और नयापुरा चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल
भोपाल
कोलार में लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए सालभर पहले ट्रैफिक सिग्नल तो लगा दिए गए, लेकिन ये ज्यादा दिनों तक नहीं चल सके। बार-बार सिग्नल बंद होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लोग अपनी मनमर्जी से वाहन चलाते हैं। लाल, पीली, हरी बत्ती नहीं जलने से मंदाकिनी चौराहे पर ट्रैफिक व्यवस्था भगवान के भरोसे चल रही है। पीक आवर्स में यानी सुबह 10 से दोपहर 12 और शाम पांच से सात बजे तक रोजाना ट्रैफिक का दवाब अधिक होने से जाम की स्थिति बन जाती है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बंद सिग्नल को चालू करने के लिए न तो ट्रैफिक पुलिस सक्रिय है और न ही नगर निगम।
मंदाकिनी और नयापुरा में लगाए गए सिग्नल
रहवासियों की निरंतर मांग के बाद क्षेत्रीय विधायक ने संबंधित एजेंसी नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, ट्रैफिक पुलिस और बिजली कंपनी के अधिकारियों को निर्देशित करके कोलार में नयापुरा और मदांकिनी चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल लगवाए थे। शुरूआत में तो सिग्नल चले और ट्रैफिक व्यवस्था भी ठीक रही पर सिग्नलों में तकनीकी खराबी आने से बंद हो गए।
पीक अवर्स में गुजरते 50 हजार से अधिक वाहन
कोलार मुख्यमार्ग पर पीक आवर्स में 50 हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। सिग्नल बंद होने से भीतरी कॉलोनियों में आवाजाही करने वाले वाहनों के कारण जाम लग जाता है। ट्रैफिक पुलिस के जवानों को मौके पर पहुंच कर जाम खुलवाना पड़ता है।

पाठको की राय