Thursday, October 22nd, 2026

केशकाल घाट में सड़क मरम्मत के कारण आज से 10 नवम्बर तक भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित


कोंडागांव

जिले में अवस्थित राष्ट्रीय राजमार्ग 30 के केशकाल घाट पर सड़क मरम्मत कार्य को निर्बाध गति से संचालित करने के कारण आज से 10 नवम्बर तक उक्त मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान जनसाधारण की सहूलियत के दृष्टिकोण से बसों तथा छोटी चौपहिया वाहनों एवं दुपहिया वाहनों का उक्त मार्ग पर आवागमन जारी रहेगा।चुंकि उक्त मार्ग बस्तर संभाग के एक बड़े हिस्से में आवागमन का सबसे प्रमुख रास्ता है और इस क्षेत्र में परिवहन के लिए अति महत्वपूर्ण सड़क है, इसे मद्देनजर रखते हुए हुए उक्त मार्ग के अलावा भारी वाहनों एवं ट्रकों के वैकल्पिक आवागमन सुविधा हेतु केशकाल विश्रामपुरी चौक से विश्रामपुरी-बोरई-नगरी होकर धमतरी तक पहुंचने व्यवस्था निर्धारित की गई है। इसके साथ ही एक अन्य वैकल्पिक मार्ग के रूप में भारी वाहनें और ट्रकें राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित माकड़ी ढाबा से भानुप्रतापपुर-अंतागढ़-नारायणपुर से होकर कोंडागांव पहुंच सकती हैं। ज्ञातव्य है कि पूर्व में दीपावली पर्व के दौरान उक्त मार्ग पर आवागमन रोकने सहित मरम्मत कार्य करने पहल हुई थी लेकिन दीपावली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए इसे स्थगित कर दिया गया था। इस दिशा में कलेक्टर कोंडागांव दीपक सोनी द्वारा बस्तर अंचल के आम जनता की सहूलियत और क्षेत्र में आवागमन सुविधा के दृष्टिकोण से केशकाल घाट पर सड़क मरम्मत कार्य को अतिशीघ्र पूर्ण करने पहल कर मरम्मत कार्य को पूरी योजनाबद्ध ढंग से तेजी के साथ संचालित किये जाने पहल किया जा रहा है। उन्होंने इस ओर आगामी एक सप्ताह तक उक्त मार्ग पर भारी वाहनों एवं ट्रकों की आवाजाही रोकने के लिये सम्बन्धित संगठनों एवं परिवहन संघों से आग्रह करते हुए नियत अवधि के दौरान निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का उपयोग भारी वाहनों एवं ट्रकों हेतु किये जाने कहा है। उन्होंने इस दिशा में सम्बन्धित संगठनों एवं संघों से भी विचार-विमर्श कर आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील की है। वहीं इस सड़क मार्ग के मरम्मत कार्य को द्रुत गति से संचालित करने सहित नियमित रूप से मॉनिटरिंग कर अतिशीघ्र पूर्ण किये जाने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये हैं। इसके साथ ही उक्त मार्ग पर आम जनता की सुगम आवाजाही के लिए यथासम्भव आवश्यक पहल किये जाने के निर्देश सम्बन्धित अधिकारियों को दिये हैं।

 

Source : Agency

पाठको की राय