Wednesday, October 21st, 2026

पर्यटन एवं खेलकूद मंत्री ने की घोषणा, झारखंड में होगी खेल विश्वविद्यालय की स्थापना

गिरिडीह
झारखंड के नगर विकास, पर्यटन एवं खेलकूद मंत्री सूदिब्य कुमार सोनू ने कहा कि झारखण्ड में खेल विश्वविद्यालय की स्थापना की जाएगी। सूदिब्य ने बताया कि खेल के क्षेत्र में राज्य में कई प्रतिभावान खिलाड़ी है, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रौशन किया है।

सूदिब्य ने कहा कि हाॅकी और तीरंदाजी में राज्य के खिलाड़ी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर परचम लहराया है। इन खेलों के अलावा अन्य खेलों में गुणवत्ता लाने के लिए स्वच्छ माहौल के साथ अवसर दिलाने के लिए सरकार प्रयास करेगी। सूदिब्य ने कहा कि राज्य के शहरों की सूरत बदलने का प्रयास सरकार करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य के नगर निगम नगर पालिका और नगर परिषद के टैक्स के ढांचे की समीक्षा की जाएगी। निगमों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए आंतरिक श्रोत को विकसित किया जाएगा। निगम की तय राजस्व को प्राप्त करने की कोशिश की जाएगी।

मंत्री ने बताया कि राज्य में पर्यटन के क्षेत्र में असीम संभावनाएं है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक सौन्दर्य के आधार पर राजस्व प्राप्त करने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए युवा यहां से बाहर जाते है, लेकिन अब पर्यटन को बढ़ावा देकर रोजगार का सृजन किया जाएगा, जिससे राज्य के युवाओं को रोजगार मिल सके। यहां के रीति- रिवाज भी पर्यटकों को मोहित करता है इसमें भी रोजगार बढ़ाया जा सकता है। सोनू ने बताया कि सिक्किम और हिमाचल प्रदेश की तरह झारखंड में भी पर्यटन के क्षेत्र में अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नगर निगम में कर्मचारियों की कमी को दूर करने के साथ- साथ कर्मचारियों की समस्याओं पर भी सकारात्मक पहल की जाएगी जिसका सुझाव मुख्यमंत्री ने भी सभी विभागों के मंत्री को दिया है।

 

#Tourism and Sports Minister

Source : Agency

पाठको की राय