टॉलीवुड मनी लॉन्ड्रिंग-ड्रग केस: ईडी के सामने पेश हुए राणा दग्गुबाती
टॉलीवुड एक्टर राणा दग्गुबाती प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश हुए। मामला 2017 के ड्रग केस से जुड़ी मनी लॉन्ड्रिंग का है। ‘बाहुबली’ फेम एक्टर सुबह करीब 10 बजे ईडी आॅफिस पहुंचे। चर्चा है कि ईडी के अधिकारी मामले में कुछ मशहूर हस्तियों के संदिग्ध संबंधों की जांच के तहत राणा से उनके बैंक विवरण और वित्तीय लेनदेन के बारे में पूछताछ कि गई है।
अब तक 5 टॉलीवुड स्टार्स से हुई पूछताछ
राणा ईडी के सामने पेश होने वाली पांचवीं टॉलीवुड हस्ती हैं। 31 अगस्त के बाद से अब तक निर्देशक पुरी जगन्नाथ, एक्टर चार्मी कौर, रकुल प्रीत सिंह और नंदू से पूछताछ की जा चुकी है। ईडी ने रवि तेजा, नवदीप, मुमैथ खान, तनिश और रवि तेजा के ड्राइवर श्रीनिवास को भी ड्रग्स रैकेट के सिलसिले में तलब किया है।
टॉलीवुड ड्रग मामले में अब तक हुआ ये
ईडी ने पिछले महीने टॉलीवुड से जुड़े 10 लोगों और एक निजी क्लब मैनेजर सहित दो अन्य को एलएसडी और एमडीएमए सहित ‘क्लास ए’ मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत नोटिस जारी किया था। नंदू से मंगलवार को आठ घंटे तक पूछताछ की गई। मामले के मुख्य आरोपी केल्विन मिस्करेन्हास और दो अन्य से भी मंगलवार को ईडी के अधिकारियों ने पूछताछ की।
पहले नहीं था राणा दग्गुबाती और रकुल प्रीत का नाम
तेलंगाना के शराबबंदी और उत्पाद शुल्क विभाग के विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा 2017 में पूछताछ की गई टॉलीवुड हस्तियों की सूची में राणा दग्गुबाती और रकुल प्रीत का नाम नहीं था। हालांकि, रकुल प्रीत से पिछले साल नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, मुंबई ने बॉलीवुड में कथित ड्रग्स सांठगांठ में पूछताछ की थी। ड्रग्स रैकेट का भंडाफोड़ 2 जुलाई, 2017 को हुआ था, जब कस्टम आॅफिसर्स ने संगीतकार केल्विन मिस्करेन्हास और दो अन्य को गिरफ्तार किया था और उनके कब्जे से 30 लाख रुपये की ड्रग्स जब्त की थी। केल्विन ने बताया था कि वे फिल्मी हस्तियों, सॉफ्टवेयर इंजीनियरों और कॉपोर्रेट स्कूलों के छात्रों को ड्रग्स की आपूर्ति कर रहे थे। केल्विन के मोबाइल से कुछ टॉलीवुड हस्तियों के नंबर मिले थे। आबकारी विभाग ने एसआईटी का गठन किया था। कुल 12 मामले दर्ज किए गए, 30 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि टॉलीवुड से जुड़े 11 लोगों सहित 62 लोगों की एसआईटी ने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम की धारा 67 और आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 161 के तहत जांच की। एसआईटी ने कुछ लोगों से रक्त, बाल, नाखून और अन्य नमूने एकत्र किए थे, जो उसके सामने पूछताछ के लिए आए थे और उन्हें विश्लेषण के लिए भेजा था। एसआईटी ने 12 में से आठ मामलों में चार्जशीट दाखिल की। हालांकि, इसने उन फिल्मी हस्तियों को क्लीन चिट दे दी, जिनसे जांच के तहत पूछताछ की गई थी। यह अभी तक अज्ञात है कि राणा दग्गुबाती से कितनी बार पूछताछ की गई थी।

पाठको की राय