Friday, October 23rd, 2026

आज होगी गणपति बप्पा की विदाई, भक्त तैयारी में जुटे

रायपुर। राजधानी के हर मोहल्ले हर घर में गणपति बप्पा की धूम है। लेकिन देखते ही देखते दस दिन कैसे बीत गए पता ही नहीं चला। बप्पा के प्रति लगाव कहें या आस्था जैसे ही विदाई का समय आता है ऐसे लगता है कि कुछ दिन और रह जाते तो कितना अच्छा होता लेकिन नहीं धर्म शास्त्र व मान्यताओं के अनुसार दस दिन के बाद विदाई दी जाती है।

भाद्रपद के महीने में गणेश चतुर्थी के दिन भगवान गणपति की स्थापना की जाती है और इसके दस दिन बाद अनंत चतुर्दशी के दिन गणेश जी को विदाई दी जाती है। इस साल गणपति विसर्जन कल  19 सितंबर को है। विदाई से पहले हवन पूजन किया जाता है। इस दिन भगवान विष्णु के अनन्त रूप की पूजा होती है। कई लोग उपवास रखते हैं और पूजा के दौरान पवित्र धागा (अनंत गांठ)बांधते हैं। जो बप्पा के अगले साल आगमन तक सुरक्षित बांधकर रखते हैं।

क्या करें बप्पा की विदाई पर
अनन्त चतुर्दशी के दिन भगवान गणेश की विधि विधान से पूजा करें। उन्हें मोदक और फल का भोग लगाएं, आरती उतारें और उनसे विदा लेने की प्रार्थना करें। अब एक लकड़ी के पाटे में लाल कपड़ा बिछाएं और उस पर गंगाजल छिड़क कर उसे पवित्र कर लें। अब गणेश जी की प्रतिमा को लकड़ी के पाटे पर रखें। साथ में फल फूल कपड़े और मोदक भी रखें। अब चावल, गेहूं और पंचमेवा रखकर एक पोटली तैयार करें और उसमें कुछ सिक्के भी डालें। यह पोटली भी गणेश जी की प्रतिमा के साथ रखें। अब गणेश जी को विसर्जन के लिए ले जाएं। विसर्जन से पहले एक बार फिर गणेश जी की आरती करें और उनसे अगले साल जल्दी आने की प्रार्थना करें। अपने परिवार और समाज की खुशहाली और मनोकामना पूरी करने की मन्नत मागें और गणेश जी की मूर्ति को जल में विसर्जित कर दें।

गणेश विसर्जन का शुभ मुहूर्त
19 सितंबर को 05 बजकर 59 मिनट पर चतुर्दशी तिथि प्रारंभ होगी और 20 सितंबर को 05 बजकर 28 मिनट पर समाप्त होगी। इस दौरान आप 5 मूहूर्त में गणेश जी की प्रतिमा का विसर्जन कर सकते हैं। पहला मूहूर्त  सुबह 7 बजकर 40 मिनट से दोपहर 12 बजकर 15 मिनट तक रहेगा। इसके बाद दोपहर 1 बजकर 46 मिनट से 3 बजकर 18 मिनट तक गणेश विसर्जन किया जा सकता है। शाम में 6 बजकर 21 मिनट से रात 10 बजकर 46 मिनट तक भी गणेश विसर्जन का मुहूर्त है। आप रात में 1 बजकर 43 मिनट से 3 बजकर 12 मिनट के बीच भी गणेश प्रतिमा पानी में विसर्जित कर सकते हैं। इसके अलावा 20 सितंबर दिन सोमवार को सुबह 4 बजकर 40 मिनट से 6 बजकर 08 मिनट के बीच भी गणेश विसर्जन किया जा सकता है।

 

Source : Agency

पाठको की राय