Sunday, October 25th, 2026

आज टीकाकरण का बना रिकॉर्ड, एक दिन में लगीं 70 लाख वैक्सीन

  नई दिल्ली


देश में कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए आज से वैक्सीनेशन अभियान की गति को तेज किया जा रहा है. पहले ही दिन देश ने टीका लगाने का रिकॉर्ड बना लिया है. सरकार के आंकड़ों के अनुसार, अभी तक आज कोरोना वैक्सीन की करीब 70 लाख से ज्यादा डोज लगाई जा चुकी हैं.

केंद्र सरकार आज से देश के हर नागरिकों को फ्री में टीका उपलब्ध करवा रही है. कुछ दिनों पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसके बारे में घोषणा की थी. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के दिन से टीकाकरण की गति को तेज कर दिया गया है. केंद्र सरकार ने वैक्सीनेशन उत्पादन में से 75 फीसदी हिस्सा खुद खरीदने का फैसला किया है, जबकि 25 फीसदी टीका प्राइवेट अस्पतालों द्वारा खरीदा जा सकेगा.

केंद्र सरकार अब टीकों को खरीदकर राज्य सरकार को खुद देगी, जबकि पहले राज्यों को भी टीका खरीदने के लिए कहा गया था. आज सुबह से टीकाकरण अभियान काफी तेजी से चल रहा है. इसी वजह से शाम पांच बजे तक तकरीबन 70 लाख वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी हैं.

गौरतलब है कि कोरोना महामारी को देश में आए एक साल से अधिक हो गया है. अब तक साढ़े तीन लाख से ज्यादा लोगों की कोविड के चलते मौत हो चुकी है. टीकाकरण अभियान देश में इस साल जनवरी में शुरू किया गया था. शुरुआती समय में हेल्थ वर्कर्स और फिर फ्रंटलाइन वर्कर्स को टीका लगाए जाने के बाद बुजुर्गों को टीका लगाया जाने लगा. इसके बाद 45 साल से अधिक उम्र वाले लोगों का नंबर आया और कोरोना की दूसरी लहर आने के दौरान 18 साल से ज्यादा उम्र के सभी लोगों के टीकाकरण करने का ऐलान किया गया. हालांकि, अब तक 18 से 44 उम्र के लोगों का टीकाकरण राज्य सरकार को करना था, जिसे आज से केंद्र ने अपने हाथों में ले लिया है.

 

#70 लाख वैक्सीन

Source : Agency

पाठको की राय