Tuesday, October 20th, 2026

आज यूपी को पीएम मोदी देंगे सरयू नहर परियोजना की सौगात

बलरामपुर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को बहुप्रतीक्षित सरयू नहर परियोजना का उद्घाटन बलरामपुर के हंसुआडोल गांव में करेंगे। इस मौके पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। 9802 करोड़ से बनी परियोजना के शुरू होने से भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र के नौ जिलों के करीब साढ़े 14 लाख हेक्टेयर कृषि योग्य भूमि को सिंचाई की सुविधा मिलने लगेगी।

करीब 25 लाख किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा। यह परियोजना लगभग 50 साल से अधूरी थी। प्रधानमंत्री मोदी शनिवार अपराह्न एक बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। पीएम मोदी सबसे पहले राज्यपाल व सीएम के साथ सरयू नहर परियोजना से संबंधित मॉडल का निरीक्षण करेंगे। यहीं से प्रधानमंत्री बटन दबाकर देश की सबसे बड़ी सिंचाई परियेाजना का शुभारंभ करेंगे।

सवा घंटे के कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री जनसभा को भी संबोधित करेंगे। अपराह्न दो बजकर दस मिनट पर प्रधानमंत्री वापस रवाना हो जाएंगे। सरयू नहर परियोजना 1971-72 में शुरू हुई थी लेकिन मोदी सरकार बनने के बाद यह परियोजना परवान चढ़ सकी। वर्ष 2018 से इस परियोजना के कार्य में तेजी आई और इसे राष्ट्रीय परियोजना मे शामिल किया गया।

जलशक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने बताया कि पांच नदियों को जोड़ने वाली यह परियोजना बलरामपुर, श्रावस्ती, गोंडा, बहराइच, बस्ती, गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, संत कबीरनगर व गोरखपुर के किसानों को लाभान्वित करेगी। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मोदी के एक बटन दबाते ही नहरों में पानी आना शुरू हो जाएगा।

 

#पीएम मोदी

Source : Agency

पाठको की राय