Tuesday, October 20th, 2026

TMC सांसद महुआ मोइत्रा के एक्स पार्टनर जय अनंत ने दर्ज कराई एक और शिकायत

नई दिल्ली
रिश्वत लेकर संसद में सवाल पूछने के आरोपों से घिरीं टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा (Mahua Moitra) की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं.

महुआ पर ये आरोप लगाने वाले उनके एक्स पार्टनर और वकील जय अनंत देहाद्रई (Jai Anant Dehadrai) ने उनके खिलाफ एक नई शिकायत दर्ज कराई है.

सुप्रीम कोर्ट में वकील जय अनंत देहाद्रई ने महुआ मोइत्रा पर ट्रेसपासिंग यानी उनके घर में जबरन घुसने और स्टाफ को डराने-धमकाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. इससे पहले देहाद्रई ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर के सामने अपनी जान का खतरा जताया था.

वकील जय अनंत देहाद्राई ने  हौज खास पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) को चिट्ठी लिखी है. इसमें देहाद्राई ने आरोप लगाया, " कमेटी के सामने पेश होने के बाद महुआ मोइत्रा 5 और 6 नवंबर को बिना सूचना दिए उनके घर आ गई थीं. मुझे डर है कि मोइत्रा मेरे कुत्ते हेनरी के बहाने मुझपर दबाव बनाने की कोशिश कर सकती हैं."

देहाद्राई और मोइत्रा के बीच मनमुटाव की वजह 'हेनरी'
देहाद्राई कथित तौर पर तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा के साथ लिव-इन रिलेशन में थे. दोनों के अलग होने के बाद से उनके बीच रिश्ते कथित तौर पर अच्छे नहीं रहे. मोइत्रा और देहाद्रई के बीच मनमुटाव का कारण उनका पालतू कुत्ता हेनरी बताया जाता है. दोनों ने एक दूसरे पर हेनरी को 'चोरी' करने का आरोप लगाया है. मोइत्रा और देहाद्रई हेनरी की कस्टडी के लिए अदालत में कानूनी लड़ाई भी लड़ रहे हैं. फिलहाल ये कुत्ता मोइत्रा के पास है.

 

Source : Agency

पाठको की राय