Friday, October 23rd, 2026

पश्चिम बंगाल में TMC विधायक भी सुरक्षित नहीं, भूमाफियाओं से धमकी के बाद पुलिस से मांगी अतिरिक्त सुरक्षा

कोलकाता
पश्चिम बंगाल में आम जनता की बात तो छोड़िए सत्ताधारी पार्टी टीएमसी के विधायक भी सुरक्षित नहीं है। ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी के एक विधायक ने पुलिस प्रशासन को पत्र लिखकर अतिरिक्त सुरक्षा की मांग की है। विधायक श्याम मंडल ने कहा है कि उन्हें जबरन वसूली करने वाले और भू-माफियों की ओर से धमकी आ रही है। उन्होंने मांग की है कि उनकी सुरक्षा में और पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए। विधायक मंडल उप मंत्री भी रह चुके हैं।

दक्षिण 24 परगना जिले के बसंती से विधायक श्यामल मंडल ने बुधवार को जिला पुलिस को पत्र लिखकर कहा कि उन्हें अपने निर्वाचन क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों का दौरा करने के दौरान धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। मंडल ने मीडिया से बात करते हुए कहा 'जब से मैं जिले में संगठित अपराध के खिलाफ आवाज उठानी शुरू की है तब से मुझे रंगदारी मांगने वालों और भू-माफियों से धमकियां मिल रही है। मेरी जान को खतरा है। प्रशासन की ओर से फिलहाल तीन सुरक्षाकर्मी मुहैया कराए गए हैं। मैंने एक और सुरक्षाकर्मी का अनुरोध किया है।'

बंगाल में कानून-व्यवस्था की स्थिति भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए एक प्रमुख राजनीतिक मुद्दा रहा है। अब इस मामले को लेकर बंगाल बीजेपी अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। ममता बनर्जी जो जिन्होंने गृह विभाग अपने पास रखा है। मजूमदार ने चुटकी लेते हुए कहा, 'जब कोई निर्वाचित विधायक असुरक्षित महसूस करता है और इस तरह की धमकियों की बात करता है तो कोई भी आसानी से समझ सकता है कि ममता बनर्जी के शासन में आम लोग कितना सुरक्षित महसूस कर रहे होंगे।'

वहीं, टीएमसी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुखेंदु शेखर रॉय मंडल के आरोपों पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि अगर एक विधायक को लगता है कि उसकी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत है तो वह हमेशा प्रशासन से बात कर सकते है। मंडल की चिट्ठी पर जिला पुलिस अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं थे।

 

#TMC MLA

Source : Agency

पाठको की राय