Monday, October 19th, 2026

जगन्नाथपुरी तीर्थ यात्रा के लिए 300 यात्रियों को लेकर रवाना होगी तीर्थ दर्शन स्पेशल ट्रेन

जबलपुर
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत जगन्नाथपुरी तीर्थ यात्रा करने का इंतजार कर रहे वरिष्ठजनों के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जगन्नाथ पुरी जाने वाली स्पेशल ट्रेन जबलपुर से आज रात 11:30 बजे मुख्य रेलवे स्टेशन आएगी और रात 11:45 बजे रवाना हो जाएगी। तीर्थ दर्शन स्पेशल ट्रेन की समय सारणी घोषित कर दी गई है। हालांकि शिर्डी दर्शन के लिए जाने वाले वरिष्ठजनों को अभी और इंतजार करना होगा। ये ट्रेन फरवरी में रवाना होगी।

300 तीर्थ यात्रियों को लेकर होगी रवाना
कलेक्टर कार्यालय की धर्मस्व शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार जगन्नाथ पुरी स्पेशल ट्रेन जबलपुर से 300 तीर्थ यात्रियों को लेकर रवाना होगी। धर्मस्थ शाखा के मुताबिक योजना के तहत पात्र चयनित वरिष्ठ जनों को टिकट प्राप्त करने के लिए उसी शासकीय कार्यालय में संपर्क करना होगा, जहां उन्होंने आवेदन किया था।
तीर्थयात्रा के दौरान वरिष्ठजनों को मूल आधार कार्ड साथ रखना भी आवश्यक होगा। अन्य जानकारी के लिए तीर्थयात्री अनुरक्षक यात्रा प्रभारी से संपर्क कर सकते हैं। विदित हो कि ये ट्रेन 15 दिसंबर को रवाना होने वाली थी जिसे बाद में रद कर दिया गया था।

ट्रेन में महिला को प्रसव पीड़ा, जबलपुर स्टेशन में हुई डिलेवरी
इस बीच जबलपुर से मिली रेलवे से जुड़ी एक अन्य खबर में मुंबई से रीवा जा रही एक महिला को चलती ट्रेन में प्रसव पीड़ा हुई। महिला के पति ने रेल मदद पोर्टल के माध्यम से सहायता मांगा। मामले की जानकारी लगते ही जबलपुर रेल मंडल के चिकित्सकीय दल को सक्रिय किया गया। ट्रेन पहुंचने के पहले चिकित्सक दल जबलपुर स्टेशन पहुंच गया। जहां, ट्रेन के आने के बाद महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा ने बताया कि शनिवार को सुबह गाड़ी संख्या 02188 के एस-टू कोच की 58 नंबर सीट पर यात्री करुणा साकेत (20) सवार थी। वह गर्भवती थी। पति एवं देवर के साथ कल्याण से रीवा के लिए यात्रा कर रही थी।

गर्भवती को चलती ट्रेन में अचानक प्रसव पीड़ा होने लगी। तेज दर्द होने पर स्वजन ने रेलवे से चिकित्सा सहायता मांगा। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के निर्देश पर उप स्टेशन प्रबंधक (वाणिज्य) हेमंत पेंद्रे की सहायता से तुरंत रेलवे अस्पताल में सूचना दी गई। गाड़ी आगमन पर रेलवे डॉ. रसिका के साथ महिला यात्री को अटेंड किया गया। डाक्टर ने परिचारिका के सहयोग से प्रसव कराया। महिला यात्रा ने पुत्री को जन्म दिया। जांच में प्रसूता एवं नवजात, दोनों स्वस्थ्य मिले। दोनों को अग्रिम उपचार के लिए एल्गिन हास्पिटल में भेजा गया।

 

#Tirtha Darshan Special Train

Source : Agency

पाठको की राय