Friday, October 23rd, 2026

बकरीद पर कड़ी सुरक्षा, 31 सेक्टरों में बांटा गया शहर, चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगी फोर्स 

 मेरठ  
ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए हैं। मेरठ जिले को 14 जोन और 31 सेक्टरों में बांटा गया है। पीएसी और आरएएफ भी तैनात रहेगी। शांति समितियों को भी सक्रिय किया गया है। बकरीद के लिए सुरक्षा प्लान तैयार किया गया है। सोमवार को अधिकारी दिनभर तैयारी में जुटे रहे। एसपी सिटी विनीत भटनागर ने बताया कि ईद के मद्देनजर ड्यूटी लगा दी गई है। सीओ अपने-अपने क्षेत्र में मौजूद रहकर हर स्थिति पर नजर बनाए रखेंगे। कोरोना के दृष्टिगत गाइडलाइन जारी की गई है, जिसका सख्ती से पालन कराया जाएगा। थानों की फोर्स के अलावा पुलिस लाइन से भी अतिरिक्त पुलिसबल तैनात किया गया है। पीएसी की तीन कंपनियां भी संवेदनशील, अतिसंवेदनशील व मिश्रित आबादी क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभालेंगी। आरएएफ की भी डिमांड की गई है।


 एसपी सिटी ने कहा कि प्रतिबंधित जगहों पर कुर्बानी नहीं होने दी जाएगी। इबादत स्थलों पर नमाज की इजाजत नहीं है, इसको लेकर पुलिस विशेष तौर पर निगरानी रखेगी। व्यवस्था न बिगड़े इसके लिए क्षेत्रीय स्तर पर भी गणमान्य लोगों से पुलिस द्वारा सहयोग लिया गया है।

 थाना सदर बाजार, कोतवाली, लिसाड़ीगेट, ब्रह्मपुरी, टीपी नगर, सिविल लाइन व नौचंदी समेत अन्य थानों में दिनभर शांति समिति की बैठकों का दौर चला। पुलिस ने लोगों से कहा कि त्योहारों को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि में तत्काल पुलिस को सूचित किया जाए।
 

 

#बकरीद पर कड़ी सुरक्षा

Source : Agency

पाठको की राय