Tuesday, October 20th, 2026

Meizu की 18 सीरीज स्मार्टफोन्स में जुड़े तीन नए स्मार्टफोन्स


आज के समय में हर दिन एक नए स्मार्टफोन की खबर आती है. हर स्मार्टफोन निर्माता कंपनी की यह कोशिश रहती है कि वह अपने ग्राहकों को कुछ ऐसा दे सकें जो उनके हर कम में सहायक हो और साथ ही बहुत महंगा भी न हो. हाल ही में, चीन की 3C एजेंसी के डेटाबेस में Meizu कंपनी के तीन स्मार्टफोन्स देखे गए हैं. आइए इन स्मार्टफोन्स के बारे में और नजदीक से जानते हैं...


चीनी इलेक्ट्रॉनिक निर्माता कंपनी मेजू ने अपने 18 सीरीज के स्मार्टफोन पर काम करना शुरू कर दिया है. हाल ही में, 3C एजेंसी की लिस्टिंग्स में इस सीरीज के अंतर्गत तीन नये स्मार्टफोन्स का जिक्र देखा गया है. साथ ही, प्रसिद्ध टिप्स्टर डिजिटल चैट स्टेशन ने भी इन स्मार्टफोन्स के मॉडल नंबर और बैटरी को लेकर कुछ बातें सामने रखी हैं. 3C के डेटाबेस में Meizu 18x, 18s और 18s Pro को देखा गया है.


3C लिस्टिंग में यह लिखा हुआ है कि 18x (M172Q) 4,200mAh की बैटरी और 30W के फास्ट चार्जिंग सपोर्ट के साथ आएगा. Meizu 18s (M182Q) का बैटरी सेल थोड़ा छोटा होगा अर्थात 3,910mAh का होगा लेकिन फास्ट चार्जिंग सपोर्ट 36W का होगा. मेजू के सबसे अच्छे मॉडल की बात करें तो 18s Pro (M192Q) 4,410mAh की बैटरी के साथ आ सकता है जिसे 40W की फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिल सकता है. ध्यान रहे कि कंपनी ने फिलहाल इस जानकारी पर कोई टिप्पणी नहीं की है इसलिए इनमें बदलाव भी हो सकता है.
कैमरा कैसा हो सकता है

कल ही TENAA की लिस्टिंग में इन तीन स्मार्टफोन्स में से दो, 18s और 18s Pro के फीचर्स के बारे में और भी कुछ जानकारी सामने आई है. 18s में 20MP का एक फ्रंट कैमरा हो सकता है. साथ ही, वीडियोज और बाकी फोटोज खींचने के लिए फोन के पिछले हिस्से में एक ट्रिपल कैमरा सेटअप के होने की उम्मीद है जिसके सेन्सरस 64MP, 16MP और 8MP के हो सकते है. 18s Pro के फ्रंट कैमरा के बारे में तो कोई खबर सामने नहीं आई है लेकिन खबरों की मानें तो इसमें पीछे की तरफ एक क्वॉड कैमरा सेटअप हो सकता है.
बाकी फीचर्स

TENAA की ही लिस्टिंग के मुताबिक 18s एक 6.2-इंच की एमोलेड डिस्प्ले के साथ आएगा जिसका रेसोल्यूशन 1440p का होगा. वहीं इसके प्रो मॉडल का रेसोल्यूशन तो 1440p ही रहेगा लेकिन इसकी स्क्रीन 6.7-इंच की होगी और एमोलेड डिस्प्ले वाली होगी. ऐसा माना जा रहा है कि ये दोनों फोन्स क्वॉलकॉम के लेटेस्ट स्नैपड्रैगन 888+ चिपसेट द्वारा संचालित होंगे.

अब देखना यह है कि इन सभी जानकारियों में कितनी सच्चाई है और कितना कुछ सिर्फ अफवाह है. फिलहाल कंपनी द्वारा इन स्मार्टफोन्स के फीचर्स, कीमत और यह फोन कब और कहां लॉन्च किया जा सकता है, इस पर कोई जानकारी नहीं आई है.

 

 

Source : Agency

पाठको की राय